उत्तर प्रदेश

लखनऊ पहुंचे अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, एयरपोर्ट से लेकर शहर में जगह-जगह स्वागत, रोडशो और झांकी

उत्तर प्रदेश: भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला सोमवार को अपने गृहनगर लखनऊ पहुंच गए हैं. लखनऊ एयरपोर्ट पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शुभांशु शुक्ला का स्वागत किया है. इस दौरान एयरपोर्ट पर ही उनके परिजन, बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया है. इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, मेयर सुषमा खर्कवाल समेत छोटे-छोटे स्कूली बच्चे भी अंतरिक्ष यात्री की पोशाक पहनकर उनका स्वागत करने एयरपोर्ट पहुंचे हैं.

शुभांशु शुक्ला का एक लंबा काफिला एयरपोर्ट से निकल चुका है. वो अब गोमतीनगर स्थित सिटी मॉन्टेसरी स्कूल की ओर जा रहे हैं, जहां उनके लिए एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया है. G-20 चौराहे पर शुभांशु शुक्ला का भव्य स्वागत किया गया है. सीएमएस स्कूल के बच्चों ने हाथ में तिरंगा लेकर उनका स्वागत किया है. इस दौरान शुभांशु शुक्ला रथ में सवार होकर सीएमएस स्कूल की ओर जा रहे हैं. जगह-जगह उनका स्वागत किया जा रहा है. उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर पड़े हैं.

वहीं शुभांशु शुक्ला का एयरपोर्ट पर स्वागत करने के बाद उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि आज लखनऊ का सपूत और भारत माता का सपूत शुभांशु शुक्ला का स्वागत पूरा लखनऊ आंखें बिछाकर कर रहा है. पीएम मोदी की अगुवाई में भारत ने जिस तरह अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं, उस पर हमें गर्व है.

बृजेश पाठक ने कहा कि अपने लाल का स्वागत कर हम सभी बेहद खुश हैं. शुभांशु शुक्ला ने दुनिया को रास्ता दिखाने का काम किया है. ऐसे अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने उनके सम्मान में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया है.

यूपी बीजेपी अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि शुभांशु शुक्ला ने जिस प्रकार से हमारे देश का मान-सम्मान बढ़ाया है और अंतरिक्ष में भारत की ताकत के प्रतीक के रूप में हैं तो हम सब प्रसन्न हैं, पूरा प्रदेश आनंदित है. अंतरिक्ष से लौटने के बाद अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला पहली बार अपने शहर लखनऊ आए है. इस मौके पर लखनऊ मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि उन्होंने लखनऊ का नाम विश्वपटल पर पहुंचाया है. इसके लिए मैं पूरे लखनऊवासियों की ओर से उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देती हूं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *