गढ़मुक्तेश्वर: बुधवार को उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में आए तेज आंधी-तूफान का असर गढ़मुक्तेश्वर के गढ़ गंगा क्षेत्र में भी देखने को मिला. करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं और खराब मौसम ने वीरलेश संसार पंजी गौरी गंगा गौ धर्मधाम वृद्ध एवं अनाथ आश्रम को भारी नुकसान पहुंचाया.
तूफान के बाद सामने आई तस्वीरो में आश्रम परिसर के कई हिस्सों में नुकसान साफ दिखाई दे रहा है. तेज हवाओं के कारण भवन की छत और रेलिंग के पास लगी संरचनाएं क्षतिग्रस्त हो गईं. कुछ स्थानों पर दीवारों के किनारे टूट-फूट नजर आई, जबकि छत पर लगी टीन/शीट जैसी सामग्री उखड़कर बिखर गई.

यह भी देखा गया कि आश्रम परिसर के खुले हिस्से में लोहे की लंबी पट्टियां जमीन पर गिरी पड़ी हैं. तेज हवाओं के कारण परिसर में लगे अस्थायी ढांचे भी प्रभावित हुए. बारिश के चलते परिसर के बाहरी हिस्सों में जलभराव जैसी स्थिति भी बन गई.
आश्रम संस्था के संस्थापक अरविंद सक्सेना के अनुसार अचानक आए तूफान ने काफी नुकसान पहुंचाया है. राहत की बात यह रही कि किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन भवन और अन्य व्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचने से आश्रम संचालन प्रभावित हो सकता है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आश्रम की क्षति का आकलन कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि यहां रह रहे वृद्धजनों, गौसेवा और अनाथ बच्चों की मदद की व्यवस्था जल्द सामान्य हो सके.