उत्तराखंड: युवा प्रतिभाओं और नवाचारों को नई पहचान देने के उद्देश्य से गुरुवार को देहरादून स्थित लोक भवन में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित युवा नवाचारों और तकनीकी परियोजनाओं को मंच प्रदान किया गया, जहां छात्र-छात्राओं की रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की झलक देखने को मिली.
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने आई थीम रूम का उद्घाटन किया. टेक्नोलॉजी हब के माध्यम से प्रदेश के 13 जनपदों से चयनित 108 अभिनव आइडियाज की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया. टेक्नो हब के आई-थीम रूम के डायरेक्टर सिद्धार्थ माधव ने बताया कि इन नवाचारों का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को तकनीक, विज्ञान और आधुनिक सोच से जोड़ना है.
Today, Uttarakhand took another meaningful step towards a technology-driven future with the flagging off of “AI on Wheels” and inauguration of the “AI Theme Room” at Lok Bhavan.#AIOnWheels #AIThemeRoom#DigitalUttarakhand #ViksitUttarakhand #DigitalIndia #LokBhavan #Uttarakhand pic.twitter.com/vDtPMx4LGq
— LT GEN GURMIT SINGH, PVSM, UYSM, AVSM, VSM (Retd) (@LtGenGurmit) May 14, 2026
कार्यक्रम में कक्षा 9 की छात्रा कुमारी असमी के अभिनव आइडिया को विशेष सराहना मिली. राज्यपाल ने स्वयं उन्हें सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर पीएम श्री जीआईसी ज्योतिर्मठ की प्रधानाचार्य उर्मिला बहुगुणा को एआई मिशन इनोवेशन में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया. शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़ने के उनके प्रयासों को कार्यक्रम में विशेष रूप से सराहा गया.
दूरस्थ विद्यालयों के नवोदित बाल वैज्ञानिकों को मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से आई ऑन बिल पहल का भी शुभारंभ किया गया. राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही हैं और आने वाले समय में देश का नाम रोशन करेंगी. कार्यक्रम में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज ज्योतिर्मठ की छात्राएं कुमारी दिव्या, कुमारी अनन्या और कुमारी अंकिता ने भी प्रतिभाग कर विद्यालय और पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया. छात्राओं की उपलब्धियों और आत्मविश्वास ने यह साबित किया कि यदि युवाओं को सही मंच और मार्गदर्शन मिले, तो उनके सपनों को उड़ान मिलने से कोई नहीं रोक सकता.
इस दौरान राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि उत्तराखंड ने टेक्नोलॉजी से चलने वाले भविष्य की ओर एक और सार्थक कदम उठाया है. इसके तहत लोक भवन में “AI ऑन व्हील्स” को हरी झंडी दिखाई गई और “AI थीम रूम” का उद्घाटन किया गया.
