महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में गुइलेन-बैरे सिंड्रोम (GBS) का प्रकोप, संदिग्ध मरीजों की संख्या 192 तक पहुंची, 7 की मौत

महाराष्ट्र:गुइलेन-बैरे सिंड्रोम (GBS) के संदिग्ध मरीजों की संख्या तेजी से बढ़कर 192 हो गई है. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इनमें से 167 मरीजों में सिंड्रोम की पुष्टि हुई है, जबकि दुखद रूप से इस बीमारी से अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है. सोमवार को पुणे में 37 वर्षीय युवक की मौत हो गई.

वर्तमान में, 48 मरीज ICU में भर्ती हैं, जिनमें से 21 को वेंटिलेटर सपोर्ट की आवश्यकता है. एक्टिव केसों में पुणे म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन क्षेत्र से 39 मरीज, पुणे से लगे गांवों से 91, पिंपरी चिंचवाड़ से 29, पुणे ग्रामीण से 25 और अन्य जिलों से 8 मरीज शामिल हैं.

इससे पहले 7 फरवरी को, GB सिंड्रोम के मरीजों की संख्या 180 थी. एक अधिकारी ने बताया था कि GB सिंड्रोम के सबसे ज्यादा मामले नांदेड़ के पास स्थित एक हाउसिंग सोसाइटी से सामने आए हैं. यहां पानी का सैंपल लिया गया था, जिसमें कैंपिलोबैक्टर जेजुनी पॉजिटिव पाया गया. यह पानी में पाया जाने वाला एक बैक्टीरिया है.

नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) ने भी पुष्टि की है कि नांदेड़ और उसके आसपास के इलाकों में GB सिंड्रोम का प्रकोप प्रदूषित पानी के कारण फैला है. पुणे नगर निगम ने नांदेड़ और आसपास के इलाके में 11 निजी आरओ सहित 30 प्लांट को सील कर दिया है.

महाराष्ट्र के अलावा, देश के चार अन्य राज्यों में भी GB सिंड्रोम के मरीज सामने आए हैं. तेलंगाना में यह संख्या एक है. असम में 17 साल की लड़की की मौत हुई है, हालांकि फिलहाल वहां कोई दूसरा एक्टिव केस नहीं है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *