दिल्‍ली-एनसीआर

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश और विदेश के लोगों को दी नव वर्ष की शुभकामनाएं

दिल्‍ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नव वर्ष के अवसर पर देश और विदेश के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं. अपने संदेश में उन्होंने कहा कि नव वर्ष नई ऊर्जा और सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है और यह आत्मचिंतन तथा नए संकल्प लेने का अवसर प्रदान करता है. राष्ट्रपति मुर्मू ने सभी से राष्ट्र के विकास, सामाजिक सद्भाव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत करने का आग्रह किया. उन्होंने आशा व्यक्त की कि 2026 सभी के लिए शांति, सुख और समृद्धि लेकर आएगा और एक मजबूत एवं समृद्ध भारत के निर्माण के लिए नई ऊर्जा का संचार करेगा.

पीएम मोदी ने देशवासियों को नए साल 2026 की शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि आप सभी को 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं. आगामी वर्ष आपके लिए अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए. आपके प्रयासों में सफलता और आपके सभी कार्यों में पूर्णता प्रदान करे. हमारे समाज में शांति और सुख के लिए प्रार्थना.

लोकसभा में नेता विपक्ष और कांंग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी देशवासियों को नए साल की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि आप सभी को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं. नया साल आपके जीवन में ढेर सारी खुशियां, अच्छा स्वास्थ्य और सफलताएं लेकर आए.

कांंग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लेटर लिखकर देशवासियों को नए साल 2026 की शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लेटर शेयर करते हुए लिखा कि प्रिय देशवासियों, इस शुभ नववर्ष पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं. आइए इस वर्ष को कमजोर वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए एक जन आंदोलन बनाएं. काम करने का अधिकार, वोट देने का अधिकार और गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार. आइए मिलकर अपने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करें, नागरिकों को सशक्त बनाएं और समाज में सद्भाव को मजबूत करें.

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों की समृद्धि, हाशिए पर रहने वालों का सम्मान और सभी के लिए बेहतर जीवन स्तर- ये हमारे साझा संकल्प होने चाहिए. आने वाला वर्ष आप सभी के लिए सुख, समृद्धि और प्रगति लेकर आए. हैप्पी न्यू ईयर.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *