दिल्ली: लोकसभा चुनाव के रण में राजस्थान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पहला रोड शो होने जा रहा है. पीएम नरेंद्र मोदी का यह रोड शो दो दिन बाद 12 अप्रैल की शाम को दौसा में होगा. इसके लिए रोड मैप तैयार कर लिया गया है. सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया है. बीजेपी जोरशोर से इस रोड शो की तैयारियों में जुटी है. इससे पहले पीएम मोदी 11 अप्रेल को करौली आएंगे. उसके बाद आगामी 22 अप्रेल को उनका भीनमाल दौरा भी प्रस्तावित है.
जानकारी के अनुसार पीएम मोदी 12 अप्रेल को हवाई मार्ग के जरिए दौसा के भांकरी रोड स्थित हेलिपैड पर पहुंचेंगे. उसके बाद दौसा के गांधी तिराहे के समीप स्थित पुराने बस स्टैंड से पीएम मोदी का रोड शो शुरू होगा. यह रोड शो गुप्तेश्वर रोड तक चलेगा. यह रोड शो करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा होगा. पीएम मोदी के रोड शो को लेकर एक तरफ जहां भारतीय जनता पार्टी तैयारी में जुटी है. वहीं पुलिस प्रशासन भी हाई अलर्ट मोड पर आया हुआ है.
आईजी उमेश चन्द्र दत्ता दौसा में डेरा डाले हुए हैं. एसपी रंजीता शर्मा ने मंगलवार को मोदी के रोड शो वाले रूट का विजिट किया और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया. दौसा में प्रधानमंत्री के मोदी के रोड शो को देखते यहां कई पुलिस अधिकारियों को बुलाया गया है. पूर्व में दौसा की की पुलिस अधीक्षक रही कोटपूतली-बहरोड़ एसपी वंदिता राणा को भी दौसा बुलाया गया है.
दौसा से पहले पीएम मोदी 11 अप्रेल को करौली आएंगे. यहां वे चुनावी सभा को संबोधित करेंगे. पीएम मोदी के दौरे को देखते हुए सिद्धार्थ सिटी में हेलीपैड बनाया गया है. सभा स्थल और सिद्धार्थ सिटी के 3 किलोमीटर एरिया को नो फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है. इसके तहत रिमोट कंट्रोल डिवाइस, ड्रोन और फ्लाइंग ऑब्जेक्ट उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा. जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला कलेक्टर नीलाभ सक्सेना ने इसके आदेश जारी किए हैं. उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 22 अप्रेल को जालोर के भीनमाल में भी दौरा प्रस्तावित है.

