दिल्‍ली-एनसीआर 1 लाख करोड़ की राजमार्ग परियोजनाएं समर्पित करेंगे पीएम मोदी
दिल्‍ली-एनसीआर

1 लाख करोड़ की राजमार्ग परियोजनाएं समर्पित करेंगे पीएम मोदी

दिल्ली: लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को देश को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम से देशभर में 1 लाख करोड़ रुपये की 112 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएम मोदी ऐतिहासिक द्वारका एक्सप्रेसवे के हरियाणा खंड का उद्घाटन करेंगे, जो राष्ट्रीय राजमार्ग -48 पर दिल्ली और गुरुग्राम के बीच यातायात प्रवाह को बेहतर बनाने और भीड़भाड़ को कम करने में मदद करेगा.

प्रधानमंत्री जिन प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उनमें दिल्ली में नांगलोई-नजफगढ़ रोड से सेक्टर 24 द्वारका खंड तक 9.6 किलोमीटर लंबी छह लेन का विस्तार, उत्तर प्रदेश में लगभग 4,600 करोड़ रुपये की लागत से लखनऊ रिग रोड के तीन पैकेज, हिमाचल प्रदेश में एनएच-21 के कीरतपुर से नेरचौक खंड सहित विभिन्न राज्यों में 20,500 करोड़ रुपये की 42 अन्य परियोजनाएं शामिल हैं.

आठ लेन वाले द्वारका एक्सप्रेसवे के 19 किलोमीटर लंबे हरियाणा खंड को लगभग 4,100 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है. इसमें दिल्ली-हरियाणा सीमा से बसई रेल-ओवर-ब्रिज तक 10.2 किलोमीटर लंबे और बसई आरओबी से खेड़की दौला तक 8.7 किलोमीटर लंबे दो मार्ग शामिल हैं। यह दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और गुरुग्राम बाईपास के लिए सीधी कनेक्टिविटी भी प्रदान करेगा.

Exit mobile version