दिल्‍ली-एनसीआर तमिलनाडु व ओडिशा समेत 6 राज्यों में बदले राज्यपाल, राष्ट्रपति ने दिए नियुक्ति के आदेश
दिल्‍ली-एनसीआर

तमिलनाडु व ओडिशा समेत 6 राज्यों में बदले राज्यपाल, राष्ट्रपति ने दिए नियुक्ति के आदेश

दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को कई राज्यों के राज्यपालों में फेरबदल करते हुए केरलम के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु का राज्यपाल नियुक्त किया.

राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर केरलम के नए राज्यपाल होंगे. वह आर्लेकर की जगह लेंगे. विज्ञप्ति में कहा गया है कि दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है.

झारखंड के वरिष्ठ भाजपा नेता ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. विज्ञप्ति के अनुसार, सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल और ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. इसमें कहा गया है कि ये नियुक्तियां संबंधित राज्यपालों के अपने-अपने पदों का कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होंगी.

इन नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक, जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के लिहाज से देखा जा रहा है. खास तौर पर राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्यों तमिलनाडु और केरल में अनुभवी बीजेपी नेताओं को राज्यपाल की जिम्मेदारी दी गई है.

तमिलनाडु में आर्लेकर को नियमित राज्यपाल बनाया गया

राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु का पूर्णकालिक राज्यपाल नियुक्त किया गया है. आर्लेकर केरल के रहने वाले हैं और वे पिछले कई महीनों से तमिलनाडु के राज्यपाल के काम को संभाल रहे थे. मार्च में जब आरएन रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाया गया था, तभी से आर्लेकर अतिरिक्त जिम्मेदारी के साथ तमिलनाडु का कार्यभार देख रहे थे. नए आदेश के बाद अब वे राज्य के नियमित राज्यपाल बन गए हैं. आर्लेकर का राजनीतिक और प्रशासनिक का काफी लंबा अनुभव है. वे गोवा विधानसभा के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रह चुके हैं. इसके अलावा वे पहले हिमाचल प्रदेश और बिहार के राज्यपाल का भी दायित्व संभाल चुके हैं.

केरलम में ओम प्रकाश माथुर की नियुक्ति
सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरलम भेजा गया है. वे केरलम में राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर का स्थान लेंगे. माथुर भाजपा के पुराने और अनुभवी नेता हैं. वे राजस्थान से राज्यसभा के सांसद भी रह चुके हैं. जुलाई 2024 में उन्हें सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया था. अब उन्हें केरलम का राज्यपाल बनाने का निर्णय लिया गया है.

उत्तराखंड, ओडिशा, कर्नाटक और सिक्किम में नए राज्यपाल
चार और राज्यों में भी राज्यपाल बदल गए हैं. इनमें ब्रज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. वे पलामू से पूर्व लोकसभा सांसद रह चुके हैं. ओडिशा में वे हरि बाबू कंभमपति की जगह लेंगे. कंभमपति ने जनवरी 2025 में ओडिशा के राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी.

इसी प्रकार कर्नाटक में सुधा यादव को राज्यपाल बनाया गया है. वे महेंद्रगढ़ से भाजपा की पूर्व सांसद हैं और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं. वे कर्नाटक में थावरचंद गहलोत की जगह लेंगी.

उत्तराखंड में ढाल सिंह बिसेन को राज्यपाल नियुक्त किया गया है. वे मध्य प्रदेश के बालाघाट से पूर्व लोकसभा सांसद हैं. वे उत्तराखंड में लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह की जगह लेंगे. सिक्किम में दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाया गया है. वे भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व राज्यसभा सांसद रह चुके हैं. वे सिक्किम में ओम प्रकाश माथुर की जगह लेंगे.

Exit mobile version