नोएडा: आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान, कानूनी मार्गदर्शन और प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नोएडा लोक मंच ने अपने ‘नोएडा आईकेयर’ अभियान को और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है. रविवार को नोएडा लोक मंच के कार्यालय में आयोजित बैठक में अभियान के तहत लीगल सेल के माध्यम से काम करने की पहल की गई. वरिष्ठ अधिवक्ता शिव सागर तिवारी इस लीगल सेल के अध्यक्ष होंगे. बैठक में नागरिक अधिकारों, सिटिजन चार्टर, सूचना का अधिकार, प्रशासनिक जवाबदेही और महिलाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई.
नोएडा लोक मंच द्वारा मई 2026 से संचालित इस अभियान का उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों को उचित मंच तक पहुंचाना, उन्हें कानूनी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की जानकारी देना और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान में सहयोग करना है. बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि अभियान केवल शिकायतें उठाने तक सीमित न रहे, बल्कि उनके निस्तारण की दिशा में भी लगातार प्रयास करे.

प्रशासन से टकराव नहीं, सहयोग के जरिए समाधान पर जोर
नोएडा लोक मंच के अध्यक्ष प्रभात कुमार ने कहा कि ‘नोएडा आईकेयर’ अभियान किसी प्रशासनिक अधिकारी या सरकारी व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष का मंच नहीं है. इसका उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को समझना, उन्हें उचित मार्गदर्शन देना और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर समाधान की दिशा में आगे बढ़ना है.
उन्होंने कहा कि कई बार नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, विभिन्न विभागों में अपने कार्य पूरे कराने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को समझने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. ऐसे में सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आएं. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना नोएडा लोक मंच की सामाजिक जिम्मेदारी है और अभियान इसी उद्देश्य से आगे बढ़ाया जा रहा है.
प्रत्येक विभाग में प्रदर्शित हो सिटिजन चार्टर
बैठक में योगेन्द्र नारायण ने सिटिजन चार्टर यानी नागरिक सेवा चार्टर को प्रशासनिक पारदर्शिता और नागरिक अधिकारों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रत्येक विभाग में इसे प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाना चाहिए. इससे लोगों को संबंधित विभाग की सेवाओं, आवश्यक दस्तावेजों, निर्धारित प्रक्रियाओं और काम पूरा करने की समय-सीमा की जानकारी मिल सकेगी.
उन्होंने सुझाव दिया कि नोएडा प्राधिकरण सहित विभिन्न प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर सिटिजन चार्टर प्रदर्शित करने का अनुरोध किया जाए. इससे नागरिकों को अपने कामकाज के लिए संबंधित विभाग की जिम्मेदारियों और निर्धारित प्रक्रियाओं को समझने में मदद मिलेगी.

योगेन्द्र नारायण ने यह भी सुझाव दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में आवश्यकता के अनुसार सूचना का अधिकार अधिनियम (आरटीआई) के तहत आवेदन दाखिल किए जाएं. इससे विभागों से आवश्यक सूचनाएं प्राप्त करने और तथ्यों के आधार पर जनसमस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने में सहायता मिलेगी.
सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपकर अभियान को गति देने की तैयारी
नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना ने अभियान को अधिक व्यवस्थित और परिणामोन्मुख बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सदस्यों की रुचि और कार्यक्षेत्र के अनुसार उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी जानी चाहिए, ताकि जनसमस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रभावी बनाया जा सके.
उन्होंने बताया कि नवंबर के पहले सप्ताह में अभियान की अगली बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें सदस्यों को सौंपी गई जिम्मेदारियों के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी और आगे की रणनीति तय की जाएगी. बैठक में यह भी तय किया गया कि नागरिकों की शिकायतों को व्यवस्थित ढंग से संकलित कर उनकी प्रकृति के अनुसार संबंधित विभागों तक पहुंचाने और उनके निस्तारण के लिए नियमित प्रयास किए जाने चाहिए.
महिलाओं की समस्याओं के समाधान पर भी रहेगा विशेष ध्यान
बैठक में रेणु छिब्बर ने महिलाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान में ‘नोएडा आईकेयर’ अभियान की संभावित भूमिका पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि कामकाजी महिलाओं को कार्यस्थल और घरेलू जीवन से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. कई बार उचित जानकारी, मार्गदर्शन और सहयोग के अभाव में वे अपनी समस्याओं का समाधान नहीं खोज पातीं.
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से महिलाओं को अपनी समस्याएं सामने रखने, उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने और जरूरत के अनुसार संबंधित विभागों अथवा सक्षम संस्थाओं तक पहुंचने में सहायता मिल सकती है. उन्होंने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर भी बल दिया.
अभियान के प्रचार-प्रसार में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण
बैठक में मोहम्मद आजाद ने पत्रकारों से ‘नोएडा आईकेयर’ अभियान का समर्थन करने और इस पहल को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की. उन्होंने कहा कि मीडिया के सहयोग से नागरिकों को अभियान के उद्देश्यों की जानकारी मिल सकेगी और अधिक लोग इससे जुड़कर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे.
उन्होंने अपने समाचार पत्र के माध्यम से भी अभियान को गति देने का प्रयास करने की बात कही। बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने और नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने में मीडिया की सकारात्मक भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया.
जनता और प्रशासन के बीच सेतु बनेगा अभियान
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने अभियान को जनसहभागिता के आधार पर आगे बढ़ाने पर सहमति जताई. इसके तहत नागरिकों को प्रशासनिक सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, कानूनी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने, शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाने तथा उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया गया.
बैठक में नोएडा लोक मंच के अध्यक्ष प्रभात कुमार, योगेन्द्र नारायण, महासचिव महेश सक्सेना, एग्जीक्यूटिव जनरल सेक्रेटरी विनीत गर्ग सहित विनोद शर्मा, ब्रह्मपाल, अमर सिंह, प्रदीप वोहरा, परवेज, सार्थक सक्सेना, विनोद पांडे, विभा बंसल, मोहम्मद आजाद, एल.बी. गौतम, स्मृति त्रिवेदी, रेणु छिब्बर, मनोज चौधरी, पी.डी. शर्मा, एन.पी. जायसवाल, अनवर, हैदर अंसारी, अंशु कुमारी, मनीष सक्सेना, ठाकुर नेपाल सिंह, आदित्य श्रीवास्तव तथा महतो सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे.

