दिल्‍ली-एनसीआर

नोएडा में गारमेंट्स कंपनी में लगी भीषण आग, लपटों और धुएं के गुबार में लिपटा इलाका

नोएडा: भीषण गर्मी के बीच नोएडा में आग की घटनाएं बढ़ती जा रही है, अभी बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी में लगी आग पर पूरी तरह काबू पाया ही गया था, कि नोएडा के बड़े इंडस्ट्रियल हब सेक्टर-63 से एक और बड़ी घटना आज शनिवार को सामने आ गई.

यहां स्थित D-140 गारमेंट्स कंपनी में अचानक भीषण आग लग गई. कपड़ों और केमिकल की मौजूदगी के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बिल्डिंग से काले धुएं का गुबार उठने लगा. मौके पर फायर ब्रिगेड की एक दर्जन से अधिक गाड़ियां लगाई गई है.

आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर बिग्रेड चार यूनिट की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. आग की गंभीरता को देखते हुए फौरन दमकल की और गाड़ियों को बुलाया गया है, फायरकर्मी कड़ी मशक्कत के साथ आग बुझाने के प्रयास में जुटे हैं. सेक्टर 63 एक औद्योगिक क्षेत्र है और आसपास कई अन्य कंपनियां भी हैं, इसलिए सुरक्षा के मद्देनजर अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए आसपास के पूरे इलाके को तुरंत खाली करा लिया है ताकि आग को आगे फैलने से रोका जा सके.

सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे का कहना है कि इस घटना में अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि या किसी व्यक्ति के फंसे होने की सूचना नहीं मिली है. फैक्ट्री के अंदर मौजूद कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था. हालांकि, आग लगने का स्पष्ट कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है. प्रशासन और शॉर्ट सर्किट समेत अन्य सभी संभावित कारणों की जांच में जुट गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *