दिल्‍ली-एनसीआर

ग्रेटर नोएडा: सावित्रीबाई फुले कन्या इंटर कॉलेज के हॉस्टल में लगी भीषण आग, मची अफरा तफरी

नोएडा: ग्रेटर नोएडा के कासना स्थिति सावित्रीबाई फुले कन्या इंटर कॉलेज के हॉस्टल में भीषण आग लगने का मामला सामने आया है. ग्रेटर नोएडा के कसना थाना क्षेत्र स्थित एक कन्या स्कूल के हॉस्टल में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल में अचानक आग लग गई. आग लगने की सूचना मिलते ही पूरे स्कूल में अफरा तफरी मच गई.

आग लगने के बाद स्कूल प्रबंधन द्वारा आग बुझाने का प्रयास किया गया, पर आग ने देखते-देखते विकराल रूप ले लिया. इसके बाद आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई. मौके पर फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां पहुंची और कड़ी मशक्त के बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया. राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है. आग को पूरी तरह से बुझा लिया गया है.

बताया जा रहा है कि आग एसी में शॉर्ट सर्किट के चलते लगी थी. जिस वक्त आग लगी, उस वक्त हॉस्टल के बच्चे अटेंडेंस दे रहे थे और कुछ बच्चे ग्राउंड में थे, जिसके चलते कोई बच्चा आग की चपेट में नहीं आया.

सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि मंगलवार को थाना कासना क्षेत्र के अंतर्गत पीआरवी कंट्रोल रूम के माध्यम से एक इंटर कॉलेज के खाली पड़े हॉस्टल के फर्स्ट फ्लोर पर स्थित ब्लॉक A व C में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई. उक्त सूचना पर फायर सर्विस यूनिट व स्थानीय पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर फायर सर्विस की 4 गाड़ियों की मदद से आग को पूर्ण रुप से बुझा दिया गया. इस घटना में कोई जनहानि नही हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *