दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्ली फिर हुई शर्मसार, खाली स्लीपर बस के अंदर छात्रा से दुष्कर्म, ड्राइवर सहित कंडक्टर गिरफ्तार

दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है. घटना 4 अगस्त की रात की है. मामले में दिल्ली पुलिस ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान कुलदीप और संदीप के रूप में हुई है. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल स्लीपर बस को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है.

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है. बताया जा रहा है कि वह घरवालों से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गई थी. वह नोएडा में रहने वाले अपने चचेरे भाई के पास जाने के लिए निकली थी. भारी बारिश और अंधेरा होने के कारण वह रास्ते में परी चौक पर उतर गई. इसी दौरान वहां से एक खाली स्लीपर बस गुजर रही थी. छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया. बस रुकने पर ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे बताया कि वे नोएडा सेक्टर-63 की ओर जा रहे हैं. इस भरोसे पर छात्रा बस में सवार हो गई.

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुछ दूरी तय करने के बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत शुरू कर दी. आरोप है कि विरोध करने पर उसे धमकाया गया. इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने कथित तौर पर छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया.

आरोप है कि घटना के बाद दोनों आरोपी छात्रा को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतारकर फरार हो गए. घबराई हुई छात्रा ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. आरोपियों की तलाश में कई स्तर पर जानकारी जुटाई गई और बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी घटना के बाद तिमारपुर इलाके में स्थित एक बस पार्किंग में मौजूद थे. पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार कर लिया. घटना में इस्तेमाल बस भी बरामद कर ली गई है.

पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन बस में खराबी आ गई थी. इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर बस को सूरजपुर स्थित वर्कशॉप में मरम्मत के लिए लेकर गए थे. मरम्मत पूरी होने के बाद दोनों बस को खाली लेकर तिमारपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान परी चौक पर छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया. पुलिस के मुताबिक, परी चौक से कश्मीरी गेट तक बस ने करीब 47 किलोमीटर का सफर तय किया. स्लीपर बस के अंदर पर्दे लगे होने के कारण बाहर से अंदर की गतिविधियां दिखाई नहीं देती थीं. ऐसे में रास्ते में किसी राहगीर को बस के भीतर कथित तौर पर हुई घटना की जानकारी नहीं हो सकी. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. बस की फॉरेंसिक जांच के साथ अन्य उपलब्ध साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है. नाबालिग पीड़िता की पहचान कानून के तहत गोपनीय रखी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *