दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्ली के हुनरमंद युवाओं को स्टार बनाने के लिए सीएम रेखा गुप्ता ने शुरू किया ‘हौसलों की उड़ान’ टैलेंट हंट

दिल्ली: सरकार ने राजधानी के छिपे हुए युवा टैलेंट को तराशने और उन्हें राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के लिए एक महत्वाकांक्षी पहल की है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को ‘हौसलों की उड़ान’ नाम से एक मेगा टैलेंट हंट शो की औपचारिक शुरुआत की. इस अनूठी प्रतियोगिता के जरिए दिल्ली की झुग्गी-बस्तियों से लेकर पॉश कॉलोनियों में रहने वाले 16 से 35 वर्ष के युवाओं को अपनी कला का प्रदर्शन करने का सुनहरा मौका मिलेगा.

‘हौसलों की उड़ान’ प्रतियोगिता का ढांचा पूरी तरह से जमीनी स्तर से जुड़ा होगा. युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए कहीं दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. दिल्ली की सभी विधानसभाओं में सबसे पहले ऑडिशन आयोजित किए जाएंगे, ताकि हर इलाके के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके. सुचारू संचालन और बेहतर स्क्रीनिंग के लिए पूरी दिल्ली को 35 जोन में बांटा गया है. विधानसभा स्तर पर चुने गए प्रतिभागी इन जोन में मुकाबला करेंगे. सरकार की योजना है कि कोई भी प्रतिभाशाली युवा इस मंच से अछूता न रहे. इसके लिए कला और संस्कृति विभाग की विशेष टीमें भी जमीनी स्तर पर एक्टिव रहेंगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश की पहली ऐसी सरकारी योजना है, जो टीवी चैनलों के रियलिटी शो की तर्ज पर सीधे जनता के बीच जाकर प्रतिभाओं को चुनेगी.

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि जोनल स्तर पर कड़े मुकाबले और चयन प्रक्रिया के बाद, राज्य स्तर पर एक ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया जाएगा. राज्य स्तर से चयनित सर्वश्रेष्ठ कलाकारों को नेशनल लेवल (राष्ट्रीय स्तर) की प्रतियोगिता में भेजा जाएगा. राष्ट्रीय स्तर पर देश के दिग्गज कलाकारों और विशेषज्ञों के सामने दिल्ली के युवा अपनी कला का लोहा मनवाएंगे, जहां अंतिम विजेताओं का चयन किया जाएगा.

दिल्ली सरकार के मुताबिक, इस टैलेंट हंट के विजेताओं को न सिर्फ भारी-भरकम नकद पुरस्कार और सम्मान मिलेगा, बल्कि उन्हें देश के नामचीन और स्थापित कलाकारों से ट्रेनिंग (मेंटरशिप) भी दिलाई जाएगी. इससे युवाओं को कला के क्षेत्र में अपना भविष्य और करियर संवारने में सीधी मदद मिलेगी. प्रतियोगिता की विस्तृत गाइडलाइंस और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जल्द ही दिल्ली सरकार के आधिकारिक पोर्टल पर लाइव कर दी जाएगी. चयनित युवाओं को दिल्ली सरकार अपने कार्यक्रम व योजनाओं का ब्रांड एम्बेसडर भी बनाएगी.

सात अलग-अलग कैटेगरी में आयोजित टैलेंट हंट में प्रथम स्थान हासिल करने वाले को 2.5 लाख, दूसरे स्थान पर आने वाले को 2 लाख, तीसरे स्थान पर आने वाले को 1.5 लाख और चौथे स्थान पर आने वाले को एक लाख रुपये का सरकार ईनाम देगी. दिल्ली सरकार का पर्यटन विभाग हौसलों की उड़ान नाम से वेबसाइट लांच करेगा जिस पर युवा रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे. यह टैलेंट हंट प्रतियोगिता अगस्त तक चलेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *