दिल्‍ली-एनसीआर

मुख्यमंत्री रेखा ने 50 नई इलेक्ट्रिक बसों को दिखाई हरी झंडी, ऑटोमेटेड फिटनेस टेस्टिंग स्टेशन का हुआ उद्घाटन

दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को ओखला के तेखंड इलाके में 50 नई एसी इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और प्रदूषण कम करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

इस अवसर पर तेखंड बस डिपो में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से तैयार ऑटोमेटेड व्हीकल फिटनेस टेस्टिंग स्टेशन का भी उद्घाटन किया गया. यह अत्याधुनिक केंद्र सालाना करीब 73,000 व्यावसायिक वाहनों की फिटनेस जांच करने में सक्षम होगा. ऑटोमेटेड जांच व्यवस्था के जरिए वाहनों की फिटनेस और प्रदूषण संबंधी मानकों की निगरानी में मदद मिलेगी.

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछली आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार में काम कम और उसका प्रचार ज्यादा किया जाता था. उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान डीटीसी बस सेवा घाटे में चली गई और कर्मचारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद विकास कार्यों में तेजी आई है. उन्होंने कहा कि सरकार काम गिनाने के बजाय काम करने में विश्वास रखती है. उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में अब तक 5,800 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें संचालित की जा रही हैं, जबकि डीटीसी की कुल बसों की संख्या करीब 6,700 से अधिक हो गई है.

रेखा गुप्ता ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के बढ़ते बेड़े से सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के साथ-साथ दिल्ली के पर्यावरण को स्वच्छ रखने में भी मदद मिल रही है. उन्होंने यह भी कहा कि पिछली सरकार के दौरान बंद हुई इंटरस्टेट बस सेवाओं को दोबारा शुरू किया गया है.

कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री पंकज सिंह और दक्षिणी दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी भी मौजूद रहे. दोनों नेताओं ने दिल्ली सरकार की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों को रेखांकित किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *