दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जयपुर में भजनलाल सरकार की पहली वर्षगांठ के अवसर पर पीकेसी और ईआरसीपी के उद्घाटन के लिए जयपुर पहुंचे. इस मौके पर पीएम मोदी ने जनसभा को भी संबोधित किया. सभा में पीएम मोदी ने प्रदेशवासियों को 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक की कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात दी. जिनमें ‘पार्वती-कालीसिंध-चंबल ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट’ (ERCP) सहित विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास शामिल है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभा स्थल पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के साथ पहंचे. इस दौरान महिला मोर्चा प्रधानमंत्री की कार के आगे कलश लेकर अगवानी कर रहीं थी.. प्रदेश की भजनलाल सरकार के एक साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय कार्यक्रम की श्रृंखला के समापन पर यह भव्य जनसभा आयोजित की गई है. जयपुर के दादिया इलाके में पीएम की सभा में सरकार का दावा है कि इस जनसभा में 3 लाख से ज्यादा लोग शामिल होंगे.
राजस्थान के सर्वांगीण विकास के लिए डबल इंजन सरकार दिन-रात मेहनत कर रही है। जयपुर में राज्य सरकार के ‘एक वर्ष-परिणाम उत्कर्ष’ और विकास कार्यों के लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम का हिस्सा बनकर हर्षित हूं।https://t.co/g8rzY9Vk3n
— Narendra Modi (@narendramodi) December 17, 2024
सभा के आयोजन में भीड़ जुटाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के साथ-साथ भाजपा संगठन ने भी अपने कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी है. 52,000 बूथों पर मंडल अध्यक्षों और विधायकों को कार्यकर्ताओं को लाने का दायित्व सौंपा था. कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए 6,000 बसों और 20,000 से अधिक छोटे वाहनों की व्यवस्था की गई थी.
प्रधानमंत्री मोदी राजस्थान की जनता को 1 लाख करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की सौगात दी. इसमें सबसे प्रमुख है पार्वती-कालीसिंध-चंबल ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट इस परियोजना का उद्देश्य राजस्थान के झालावाड़, कोटा, बूंदी, टोंक, सवाई माधोपुर, गंगापुर, दौसा, करौली, भरतपुर और अलवर जैसे जिलों को पानी उपलब्ध कराना है. यह परियोजना पेयजल आपूर्ति, सिंचाई और औद्योगिक जल की मांग को पूरा करने के लिए महत्वपूर्ण होगी. प्रधानमंत्री इस परियोजना के पहले चरण का शिलान्यास किया. इसके अलावा, पीएम मोदी राज्य को चार नई रेल परियोजनाओं की भी सौगात दी.
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मानना है कि देश का उत्थान चार वर्गों – युवा, किसान, महिला और मजदूर – की उन्नति से ही संभव है. इसी विचार को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने अपनी पहली वर्षगांठ पर इन वर्गों के लिए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए. 12 दिसंबर को युवाओं, 13 दिसंबर को किसानों, 14 दिसंबर को महिलाओं और 15 दिसंबर को मजदूरों के लिए कार्यक्रम आयोजित किए गए. इन कार्यक्रमों में विभिन्न योजनाओं की घोषणा की गई और लोगों को लाभान्वित किया गया.
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में राजस्थान की जनता को कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपने पहले वर्ष में ही संकल्प पत्र के लगभग 50 प्रतिशत वादे पूरे किए हैं और आने वाले समय में पूरी डबल इंजन सरकार संकल्प पत्र के सभी वादों को पूरा करेगी.

