दिल्‍ली-एनसीआर

सीएम आतिशी ने रोहिणी में नए स्कूल का किया उद्घाटन, कहा- ‘हर बच्चे को वर्ल्ड क्लास शिक्षा देना हमारा मकसद’

दिल्ली: आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार एक्टिव मोड़ पर है. आप सरकार दिल्लीवासियों को एक के बाद एक कई सौगात देने की कवायद में जुट गई है. इसी क्रम में दिल्ली सरकार ने नरेला विधानसभा की जनता को खास तोहफा दिया है. शिक्षा के क्षेत्र में नया आयाम लिखते हुए रोहिणी सेक्टर-27 में एक नवनिर्मित स्कूल के रूप में नई सौगात दी है. दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने इस नवनिर्मित स्कूल का उद्घाटन किया. इस मौके पर उनके साथ आप विधायक शरद चौहान, शिक्षा विभाग के अधिकारी समेत अन्य मौजूद रहे.

स्कूल के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री आतिशी ने स्कूल की इमारत का दौरा भी किया, और उन्होंने इस स्कूल की इस इमारत की जमकर प्रशंसा की. इस दौरान सीएम आतिशी ने कहा कि जब से दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार आई है तब से दिल्ली में शिक्षा की क्रांति आई है. उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता पर रखा है.

आतिशी ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के मार्गदर्शन में दिल्ली की सरकार लगातार शिक्षा को पहली प्राथमिकता पर रखती है. पिछले कुछ महीनों से लगातार हर हफ़्ते किसी स्कूल का उद्घाटन हो रहा है, किसी स्कूल का शिलान्यास हो रहा है. यह आज की बात नहीं है, पिछले दस सालों से जब से दिल्ली के लोगों ने अरविंद केजरीवाल को अपना मुख्यमंत्री बनाया, जब से आम आदमी पार्टी की सरकार चुनी है, तब से इस सरकार ने बच्चों की शिक्षा को, उनके भविष्य को अपनी पहली प्राथमिकता बनाया है. मुझे खुशी है कि आज रोहिणी सेक्टर-27 के बच्चों को अपने घर के बगल में एक शानदार स्कूल मिला है. अब उन्हें 10-15 किलोमीटर की दूसरी पर स्कूल नहीं जाना पड़ेगा.

गौरतलब है कि दिल्ली के रोहिणी सेक्टर 27 स्थित इस स्कूल को आधुनिक तकनीक के साथ बनाया गया है, जिसमें 121 कमरे बनाए गए हैं. साथ ही बच्चों की आधुनिक शिक्षा को ध्यान में रखते हुए इसमें 9 लैब्स भी बनाए गए हैं, जहां बच्चों को आधुनिक तकनीक के साथ पढ़ाया जाएगा. साथ ही इसमें योगा रूम भी तैयार किया गया है. साथ ही इस इमारत में लिफ्ट की भी सुविधा दी गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *