दिल्‍ली-एनसीआर

पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने देशवासियों को हिन्दी दिवस की दी शुभकामनाएं

दिल्‍ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को सभी देशवासियों को हिन्दी दिवस की शुभकामनाएं दी. मोदी ने एक्स पर कहा सभी देशवासियों को हिन्दी दिवस की अनेकानेक शुभकामनाएं.

पीएम मोदी ने एक्स पर जारी एक वीडियो में कहा कि भाषा अभिव्यक्ति का साधन होती है। वह जड़ नहीं हो सकती है. जैसे जीवन में चेतना होती है वैसे ही भाषा में चेतना होती है. मैं कभी सोचता हूं कि अगर मुझे हिन्दी भाषा बोलना-समझना नहीं आता तो मैं लोगों तक कैसे पहुंचता, लोगों की बात कैसे समझता और मुझे तो व्यक्तिगत रूप में भी इस भाषा की ताकत क्या होती है इसका अंदाजा है.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारे देश में हिन्दी भाषा का आंदोलन सुभाष चंद्र बोस, लोकमान्य तिलक, महात्मा गांधी, काकासाहेब कालेलकर, राजगोपालाचारी जैसे लोगों ने चलाया, जिनकी मातृभाषा हिन्दी नहीं थी. उन्होंने हिन्दी भाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए जो दीर्धदृष्टि से काम किया था वह हमें प्रेरणा देता है. मातृभाषा के रूप में हर राज्य के पास ऐसा अनमोल खजाना है उसको हम कैसे जोड़े और जोड़ने में हिन्दी भाषा उपयोग एक सूत्रधार के रूप में कैसे करें उसपर अगर हम बल देंगे तो हमारी भाषा और ताकतवर बनती जाएगी और उस दिशा में हम प्रयास कर सकते हैं.

वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा- समस्त देशवासियों को हिन्दी दिवस की शुभकामनाएं. केंद्रीय मंत्री शाह ने लिखा है, सभी भारतीय भाषाएं हमारा गौरव भी हैं और विरासत भी, जिन्हें समृद्ध किए बिना हम आगे नहीं बढ़ सकते.

राजभाषा हिन्दी का हर भारतीय भाषा के साथ अटूट रिश्ता है. इस साल हिन्दी भाषा ने देश की राजभाषा के रूप में जन संवाद व राष्ट्रीय एकता के 75 वर्ष पूरे किए हैं. मुझे विश्वास है कि सभी भारतीय भाषाओं को एक साथ लेकर राजभाषा हिन्दी विकसित भारत के संकल्प को चरितार्थ करने की दिशा में निरंतर अपना योगदान देती रहेगी. इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी एक्स पोस्ट में इस दिवस की लोगों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *