उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है. प्रधानमंत्री बनने के बाद धामी की यह पहली आधिकारिक मुलाकात थी. इस मुलाकात में मुख्यमंत्री धामी ने राज्य की कई परियोजनाओं को लेकर प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत की. साथ ही पीएम मोदी ने उत्तराखंड की चारधाम यात्रा सहित उत्तराखंड के जंगलों में लगी आग और आग से हुई जनहानि के बारे में सीएम धामी से बातचीत की. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राज्य में आग से जितने लोगों को भी नुकसान हुआ है, उनकों राहत और भरोसा दिलाया जाए कि राज्य और केंद्र सरकार उनके साथ है. साथ ही घायल लोगों के लिए उचित इलाज की व्यवस्था भी की जाए.
सीएम धामी ने कैंची धाम का चित्र देकर पीएम मोदी से मुलाकात की. वहीं, इस बार पीएम मोदी को राजधानी देहरादून के चकराता स्थित जौनसार बाबर में स्थापित भगवान महासू मंदिर की तस्वीर भेंट की गई है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दी गई महासू देवता की तस्वीर के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि अब कैंची धाम के बाद जौनसार बाबर के इस मंदिर का विकास का नक्शा राज्य सरकार खींच सकती है. यह पूरा का पूरा क्षेत्र लंबे समय से विकास की राह देख रहा है. इतना ही नहीं इस क्षेत्र में कांग्रेस का दबदबा होने की वजह से भी बीजेपी किसी न किसी तरह से अपनी पकड़ को इस क्षेत्र में मजबूत करना चाहती है.
लोकतंत्र के रक्षक और संविधान के सच्चे उपासक, युवाओं, मातृशक्ति व वरिष्ठजनों के कल्याण हेतु सदैव प्रयासरत, अंत्योदय व ग़रीब कल्याण के प्रति समर्पित विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी से भेंट कर उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी… pic.twitter.com/3Bkz9spzvu
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) June 25, 2024
सीएम धामी ने पीएम से Multi Model Logistics Park और औद्योगिक विकास हेतु BHEL हरिद्वार से राज्य को भूमि हस्तांतरित करने का अनुरोध किया है. मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से 1002 एकड़ भूमि पर एकीकृत विनिर्माण कलस्टर, खुरपिया का निर्माण 50-50 प्रतिशत की हिस्सेदारी के अंतर्गत किया जा रहा है. राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि का मूल्य 410 करोड़ रुपए है और सभी एनओसी प्राप्त हैं. मुख्यमंत्री ने Integrated Manufacturing Cluster, खुरपिया के अनुमोदन हेतु भी प्रधानमंत्री से आग्रह किया है.
मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत चिन्हित 48 पौराणिक मंदिरों में से 16 मंदिरों में अवस्थापना विकास के कार्य शुरू हो चुके हैं. इन मंदिर मार्गों को 02 लेन करने और आपसी कनेक्टिविटी के लिए प्रधानमंत्री से 1 हजार करोड़ रूपये की सहायता प्रदान करने का अनुरोध भी मुख्यमंत्री ने पीएम से किया है.
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली के एम्स अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने अल्मोड़ा में अग्निकांड में जले वन कर्मचारियों के परिजनों से मुलाकात की और उनका हाल-चाल जाना. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एम्स के अधिकारियों से कहा है कि इलाज में कोई भी लापरवाही ना बढ़ती जाए. सीएम ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं सरकार की तरफ से घायल कर्मचारियों के लिए की जा रही हैं. साथ ही एक कर्मचारी को व्यवस्थाओं की देखरेख में लगाया गया है.

