ग्रेटर नोएडा: लोकसभा के चुनावों में पहली बार सोसाइटीज के क्लब हाउसों में मतदान केंद्र बनाए गए थे. इनमें कुल 63.85 प्रतिशत मतदान हुआ. जिसमें सात सोसाइटी के मतदाताओं ने ही 70 प्रतिशत से अधिक मतदान किया. नोएडा सेक्टर-79 स्थित एलीट गोल्फ ग्रीन्स सोसाइटी में सबसे ज्यादा करीब 89 प्रतिशत मतदान हुआ.
जिला प्रशासन द्वारा मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए इस बार जिले की करीब 100 सोसाइटीज के क्लब हाउसों में मतदान केंद्र बनाए थे. जिसमे नोएडा क्षेत्र की करीब तीन दर्जन सोसाइटी में नये मतदान केंद्र भी शामिल हैं. अभी तक इन सोसाइटी के मतदाताओं को पास के गांव, सेक्टर के बारात घर या स्कूलों में ही मतदान के लिए जाना पड़ता था. आने जाने व अन्य दिक्कतों की वजह से सोसाइटी निवासी वोट डालने में ज्यादा उत्साह नहीं दिखाते थे. इसी वजह से सोसाइटियों का मत प्रतिशत 35 से 40 प्रतिशत के आसपास ही रहता था. पहली बार इन सोसाइटी के लोगों को अपनी सोसायटी के ही क्लब हाउसों में मतदान सुविधा दी गई थी. क्लब में ही पानी-पीने, मोबाइल फोन जमा करने समेत कई सुविधाएं दी गईं. कई सोसाइटियों में 60 प्रतिशत से भी अधिक मतदान हुआ है. अन्य सोसाइटियों में भी 50 से 60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. कुछ ही ऐसी सोसाइटी रही जिनका मतदान प्रतिशत 40 प्रतिशत से भी कम रहा.

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की इरोज सम्पूर्णम सोसायटी में बने दो मतदान केंद्रों पर 66.86 प्रतिशत मतदान रहा. सोसायटी में बने मतदान बूथो पर मतदाताओं के लिए पानी-पीने, फोन जमा करने समेत अन्य सुविधाओं का प्रशासन द्वारा अच्छा इंतजाम किया गया था. मतदान के दिन जिले की पुलिस के जवान व अधिकारी काफी मुस्तैदी से ड्यूटी पर तैनात दिखाई दिए गए जिसके चलते जिले में मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ.


