उत्तराखंड

सीएम धामी ने किया “आ रहा है यूसीसी” गीत का विमोचन, समान नागरिक संहिता पर है आधारित

उत्तराखंड: समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए गठित विशेषज्ञ समिति ने रिपोर्ट सीएम धामी को सौंप दी है. अब कल होने वाली कैबिनेट बैठक में यूसीसी ड्राफ्ट रिपोर्ट को मंजूरी मिल सकती है. जिसके बाद इसे छह फरवरी को विधानसभा में पेश किया जाएगा. वहीं सीएम धामी ने आज यूसीसी पर आधारित गीत का विमोचन किया.

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर समान नागरिक संहिता पर आधारित गीत ‘आ रहा है यूसीसी’ का विमोचन किया. बता दें इस गीत को भूपेन्द्र बसेड़ा ने लिखा है. जबकि संगीत को स्वर राकेश भट्ट ने दिए हैं.

इस गीत के माध्यम से यूसीसी के लाभ एवं आम जनमानस पर पड़ने वाले प्रभावों को दर्शाया गया है. गीत को हिन्दी में तैयार किया गया है. सीएम धामी ने जनता को जागरूक करने और यूसीसी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गीत से जुड़ी पूरी टीम को बधाई दी.

ड्राफ्ट रिपोर्ट सौंपने के लिए विशेषज्ञ समिति की अध्यक्ष जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई और उनकी टीम मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन पहुंची. जहां उन्होंने सीएम धामी को रिपोर्ट सौंपी. इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, लंबे समय से हमें इस ड्राफ्ट का इंतजार था, आज हमें ड्राफ्ट मिल गया है. हमने उत्तराखंड की जनता से वादा किया था कि नई सरकार के गठन के बाद हम समान नागरिक संहिता के लिए कानून बनाएंगे.

इस ड्राफ्ट का परीक्षण करने के बाद जो भी जरूरी औपचारिकताएं हैं उसे पूरा कर, ड्राफ्ट को विधानसभा में पेश कर विधेयक लाएंगे. इस रिपोर्ट को सौंपे जाने के साथ ही उत्तराखंड देश में सबसे पहले यूसीसी लागू करने वाला राज्य बनने के लिए एक और अहम कदम बढ़ा देगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *