ग्रेटर नोएडा: लोकसभा चुनावों में इस बार मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए व मतदाताओं को सुविधा उपलब्ध कराने के मद्देनजर प्रशासन द्वारा नोएडा-ग्रेनो की सोसाइटियों में चुनावी बूथों का निर्धारण किया गया हैं.
आगामी लोकसभा के चुनाव अप्रैल या मई माह में संभावित है. इसी के चलते प्रशासन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं. जिले में मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान 27, अक्तूबर से 9, दिसंबर तक प्रशासन के पास नाम जोड़ने-हटाने, पता परिवर्तन व नये मतदाता के 1.11 लाख आवेदन आए थे.
मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ कई बार बैठकें भी कर चुके हैं. कई बार की बैठकों के विचार विमर्श के उपरांत सोसाइटियों के क्लब हाउसों में मतदान के लिए बूथ बनाने पर विचार किया गया. सोसाइटियों के मतदाताओं के लिए अभी तक नजदीक सरकारी अस्पताल या स्कूलों में ही बूथ बनाए जाते थे. इस बार सोसाइटियों में रहने वाले मतदाताओं को परेशानी नहीं होगी वह अपनी-अपनी सोसाइटीज के क्लब हाउसों में मतदान कर सकेंगे.
लोकसभा चुनाव में प्रशासन के मुताबिक अभी तक जिले में 18.33 लाख मतदाता है. जिनमें पुरुष मतदाता की संख्या 10.10 लाख, व महिला मतदाताओं की संख्या 8.22 लाख और ट्रांसजेंडर की संख्या 98 है. दादरी के विधानसभा में वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं की संख्या 6730 व युवा मतदाताओं की संख्या 4754 है. वहीं, जेवर विधानसभा में वरिष्ठ नागरिक मतदाता 9929 और युवा मतदाता 9012 है. प्रशासन की इन तैयारियों के चलते जिले में इस बार लोकसभा चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ने की पूरी-पूरी संभावना है.

