उत्तराखंड: प्रसिद्ध चारधाम यात्रा आज से समापन की ओर बढ़ गई है. विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट अन्नकूट पर्व एवं गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर आज मंगलवार 10 नवंबर 2026 को दोपहर 12:05 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं.
विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अन्नकूट पर्व एवं गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12 बजकर 05 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ छह माह के शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं. कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की भोग मूर्ति, उत्सव डोली में विराजमान होकर सेना के बैंड और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों के बीच अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव के लिए रवाना हुई.
इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने मां गंगा के जयकारे लगाकर उन्हें भावभीनी विदाई दी. अब आगामी छह माह तक श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास मुखबा स्थित मुखीमठ में कर सकेंगे.

मंगलवार सुबह से ही गंगोत्री धाम में कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हो गई थी. तीर्थ पुरोहितों ने गंगा घाट पर मां गंगा का अभिषेक और आरती की, जबकि मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए. निर्धारित मुहूर्त के अनुसार दोपहर 12:05 बजे मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए.
इसके बाद मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा गांव के लिए रवाना हुई. डोली यात्रा के दौरान सेना के बैंड की धुनों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा. शीतकाल में भी गंगोत्री धाम में साधनारत रहने वाले साधु-संतों के साथ मंदिर, आश्रम और होटलों की देखरेख करने वाले कर्मचारियों ने मां गंगा को भावभीनी विदाई दी.
इस वर्ष गंगोत्री धाम की यात्रा में श्रद्धालुओं की अच्छी खासी आमद रही. कपाट खुलने से लेकर अब तक दस लाख से अधिक श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन कर चुके हैं. यात्रा के अंतिम दिन भी धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही. देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने कपाट बंद होने से पहले मां गंगा के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया.
वहीं, कपाट बंद होने के अवसर को विशेष और यादगार बनाने के लिए गंगोत्री मंदिर को पांच क्विंटल से अधिक फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था. रंग-बिरंगे फूलों से सजे मंदिर की अलौकिक छटा श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही थी. मंदिर परिसर में फूलों की सजावट और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच धाम का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ था.

