उत्तर प्रदेश

मेरठ में शक्ति केंद्र संयोजक कार्यक्रम में सीएम योगी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, संगठन को मजबूत करने का दिया संदेश

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में शक्ति केंद्र संयोजक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनका उत्साह वर्धन किया. साथ ही विपक्ष पर जमकर निशाना. सीएम बोले मंथरा बुद्धि हमेशा ऐसी परिस्थिति पैदा करती है जिससे लोगों में घुटन पैदा होती है. एक बीमारी परिवारवाद और जातिवाद की सपा, बसपा और इंडि गठबंधन ने दी थी, जो धीरे-धीरे बढ़ती गई.

सीएम योगी ने कहा कि राजनीतिक दल अपना हित साधने में जुटे हैं. लेकिन व्यक्ति से बढ़कर दल और दल से बढ़कर देश मानने वाली एकमात्र पार्टी बीजेपी है जो कहती है कि सब कुछ देश ही है. एक मंथरा बुद्धि है जो यहां से पलायन कराती है और किसानों को आत्महत्या करने के लिए मजबूर करती है. यह मंथरा बुद्धि हमेशा ऐसी परिस्थिति पैदा करती है जिससे लोगों में घुटन होती है.

Photo Credit: ETV Bharat

याद कीजिए, एक समय देश के सामने पहचान का संकट खड़ा हो गया था. लेकिन परिवर्तन तब देखा गया जब गुजरात के तत्कालीन सीएम ने पीएम के रूप में जिम्मेदारी संभाली. आज भारत दुनिया में आंख में आंख मिलाकर बात करता है. अब यह नया भारत है और अर्थव्यवस्था के मामले में भारत दुनिया में टॉप 5 में शामिल है.

पहले भारत की सनातन परंपरा को कोसा जाता था, लेकिन अब पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत गौरव की अनुभूति कर रहा है. काशी में काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में भव्य राम मंदिर बन गया है. इसके अलावा हम लोगों ने विदुर कुटी के विकास के लिए भी धनराशि आवंटित की है. याद कीजिए इन लोगों ने कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई थी, लेकिन अब कोई भी धार्मिक कार्यक्रमों पर रोक नहीं लगा सकता.

यूपी की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी यहीं मेरठ में बनी है और नमो भारत ट्रेन भी सफलतापूर्वक चल रही है. राज्य में फिल्म सिटी बन रही है और देश में बनने वाले 55 प्रतिशत मोबाइल कंपोनेंट अब यूपी में तैयार हो रहे हैं. दंगाइयों की कमर तोड़ी गई है, जिससे राज्य में बड़े पैमाने पर रोजगार आया है. अब आपको कोई यूपी वाला कहकर प्रताड़ित नहीं करेगा बल्कि पहचान बताने पर सम्मान मिलेगा.

Photo Credit: ETV Bharat

पहले न बेटी सुरक्षित थी और न ही व्यापारी सुरक्षित थे, व्यापारियों के यहां डकैती पड़ जाती थी. इस बड़े बदलाव के लिए पीएम मोदी और आपका योगदान महत्वपूर्ण रहा है. अब आपकी आने वाली पीढ़ी आपको किसी कमी के लिए कोसेगी नहीं. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा कि जो काम 500 वर्षों में नहीं हुआ, वह पीएम मोदी के नेतृत्व में संभव हो पाया है.

दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल बीजेपी को बनाने का असली श्रेय कार्यकर्ताओं को जाता है. महाभारत में कृष्ण की भूमिका सारथी की थी और वही भूमिका मेरी भी है. राज्य में समाज के हित के लिए जो भी जरूरी होगा, वह काम मैं करूंगा. 2017 से पहले यूपी बीमारू राज्य था, लेकिन आज यह अर्थव्यवस्था के मामले में देश के टॉप 3 राज्यों में शामिल है.

आज यूपी की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ नहीं बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ बन चुकी है और हर जिले के उत्पादों की ब्रांडिंग की जा रही है. पहले जहां कट्टा और बंदूक पहचान थी, वहीं अब अयोध्या, काशी और मथुरा को नई सांस्कृतिक पहचान मिल रही है. जो लोग पहले दंगाइयों को सीएम आवास पर बुलाकर सम्मानित करते थे, उन्हें यह सब अच्छा नहीं लगेगा. ऐसे लोग फिर से समाज को जाति के आधार पर बांटने की कोशिश करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *