उत्तर प्रदेश

गाजियाबाद में बेटी ने पिता पर तानी पिस्तौल, भाभी को जड़ा थप्पड़, पिता ने पुलिस से की सुरक्षा की मांग

गाजियाबाद: रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है.जिस बाप ने बचपन में अपनी गुड़िया के सभी नखरे उठाए और हाथ पकड़ कर चलना सिखाया, आज उसी हाथ से बेटी ने अपने बाप पर पिस्तौल तान दी. मामला गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र का है. करीब ढाई साल पहले घर छोड़कर गई बेटी जब अपनी सहेली के साथ बैंक से जुड़े किसी काम को लेकर पिता के घर वापस लौटी तो विवाद हो गया.

साहिबाबाद थाना क्षेत्र के जैन मंदिर के पास हितेश तोमर अपने परिवार के साथ रहते हैं. 8 सितंबर 2026 को शाम करीब 5:00 बजे हितेश तोमर की बेटी प्रियंका अपनी सहेली के साथ हितेश के घर पहुंची थी. प्रियंका कार लोन से संबंधित बैंक के काम के सिलसिले में घर आई थी. पिता हितेश का आरोप है कि उन्होंने बैंक लोन से संबंधित काम के लिए उसे मना किया, इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया.

पीड़ित पिता हितेश के मुताबिक, काफी समझाने और काम के लिए मना करने पर बेटी ने गाली गलौज शुरू कर दी और उनके साथ हाथापाई की. विवाद बढ़ने के बाद आज पड़ोस के लोगों ने मामले को शांत कराया लेकिन करीब आधे घंटे बाद प्रियंका दोबारा अपनी सहेली के साथ हितेश के घर पहुंची. आरोप है कि घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर प्रियंका घर में दाखिल हुई.

शिकायतकर्ता के मुताबिक, घर के अंदर पहुंचने के बाद प्रियंका ने अपने पिता हितेश तोमर और भाई अभिषेक तोमर के साथ अभद्रता की और पिस्तौल निकाल कर दोनों को धमकाया. पिता का कहना है की जान बचाने के लिए उन्होंने अपने बेटे के साथ मकान की ऊपरी मंजिल में पहुंचकर जान बचाई. हितेश तोमर ने दावा किया है की पिस्तौल लहराने की घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

हितेश तोमर द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत में पुत्रवधू और बेटे अभिषेक समेत परिवार की सुरक्षा की मांग की है. हितेश तोमर का कहना है कि पारिवारिक विवाद अब गंभीर रूप ले चुका है उन्हें परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर काफी डर बना हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *