उत्तर प्रदेश

सीएम योगी ने गाजीपुर को दी 692 करोड़ की सौगात; 268 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

उत्तर प्रदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गाजीपुर जिले को 691.74 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की ऐतिहासिक सौगात देने पहुंचे हैं. मुख्यमंत्री मोहम्मदाबाद नवीन मंडी समिति मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जनसभा को भी संबोधित करेंगे. साथ ही 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे.

मुख्यमंत्री कुल 691.74 करोड़ रुपये (69,174.82 लाख रुपये) की 268 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. इनमें 83 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 185 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा. इन परियोजनाओं में 49,260.37 लाख रुपये की पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण होगा, जबकि 19,914.45 लाख रुपये की नई परियोजनाओं का शिलान्यास प्रस्तावित है.

ये परियोजनाएं स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, सीवर, पर्यटन, खेल तथा कानून व्यवस्था से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी. सबसे अधिक परियोजनाएं सदर विधानसभा क्षेत्र में हैं, जबकि सैदपुर, मोहम्मदाबाद, जमानिया, जहूराबाद, जंगीपुर और जखनिया विधानसभा क्षेत्रों को भी विभिन्न विकास योजनाओं का लाभ मिलेगा.

लोकार्पण होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय का नर्सिंग कॉलेज, ड्रग वेयरहाउस, ग्रामीण पेयजल परियोजनाएं, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के शैक्षणिक भवन एवं छात्रावास, मनिहारी-जखनिया-माधोपुर मार्ग का चौड़ीकरण, गाजीपुर-आजमगढ़ मार्ग का सुदृढ़ीकरण, नगर पालिका क्षेत्र की सीवर परियोजनाएं तथा गंगा तट पर कटानरोधी कार्य शामिल हैं.

वहीं शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में अंडऊ-चौकिया बाईपास, मनिहारी-जखनिया-माधोपुर मार्ग के अतिरिक्त निर्माण कार्य, महिला एवं पुरुष जिला अस्पताल में फायर फाइटिंग सिस्टम, मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पताल की बाउंड्री वॉल, नई पुलिस चौकियां, सिंथेटिक हॉकी मैदान, बहुउद्देशीय क्रीड़ांगन तथा धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास से जुड़ी परियोजनाएं प्रमुख हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *