दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी विजय अमृतराज, अभिनेता ममूटी और सतीश शाह, क्रिकेटर रोहित शर्मा एवं पार्श्व गायिका अलका याग्निक समेत 65 हस्तियों को प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया.
राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति भवन के गणतंत्र मंडप में आयोजित दूसरे नागरिक सम्मान समारोह में इन हस्तियों को सम्मानित किया. उन्होंने उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश केटी थॉमस को जन-सेवा के लिए और मलयालम पत्रकार पी. नारायणन को साहित्य और शिक्षा में योगदान के लिए पद्म विभूषण से सम्मानित किया.
राष्ट्रपति ने अलका याग्निक, ममूटी, अमेरिकी डॉक्टर दत्तात्रेयडु नोरी, टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज, उद्योगपति एसकेएम माएलानंदन और समाजसेवी व शिक्षाविद वी नटेसन को पद्म भूषण से सम्मानित किया.
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने श्रीमती अलका यागनिक को कला के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया। पार्श्व गायिका श्रीमती अलका यागनिक ने चार दशकों से अधिक की गायन यात्रा में अपने मधुर स्वर, कलात्मक उत्कृष्टता और निरंतर समर्पण से भारतीय फिल्म संगीत को… pic.twitter.com/bKDOjo9l6u
— President of India (@rashtrapatibhvn) June 23, 2026
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन ने दिवंगत नेता की ओर से पद्म भूषण सम्मान ग्रहण किया. राष्ट्रपति ने क्रिकेटर रोहित शर्मा और हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया को पद्म श्री से सम्मानित किया. रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने पिछला टी20 विश्वकप जीता था.
सुशील कुमार, योगेश्वर दत्त और रवि दहिया जैसे ओलंपिक पदक विजेताओं के कोच तथा जॉर्जिया निवासी व्लादिमीर मेस्तविरीश्विली को मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित किया गया. उनकी पत्नी ने उनकी ओर से यह सम्मान ग्रहण किया.
इस समारोह में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए. नगालैंड के 83 वर्षीय लोक कलाकार और सांस्कृतिक संरक्षक गुरु सांग्युसांग पोंगेनर ने समारोह में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा. पारंपरिक नगा वेशभूषा में उनके प्रवेश के समय प्रधानमंत्री मोदी सहित दर्शकों ने ज़ोरदार तालियां बजाईं. उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया.
राष्ट्रपति ने अभिनेता सतीश शाह को मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित किया. उनके भाई ने उनकी ओर से यह सम्मान ग्रहण किया. प्रसार भारती के पूर्व मुख्य कार्यकारी (सीईओ) और अभी सीबीएफसी के अध्यक्ष शशि शेखर वेम्पति को भी राष्ट्रपति ने पद्म श्री से सम्मानित किया.
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने श्री रोहित गुरुनाथ शर्मा को खेल के क्षेत्र में असाधारण योगदान के लिए पद्म श्री से सम्मानित किया। श्री रोहित शर्मा एक जाने माने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी और भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान हैं। श्री शर्मा ने आईसीसी पुरुष T20… pic.twitter.com/JQ6iC1oyfb
— President of India (@rashtrapatibhvn) June 23, 2026
रेलवे गार्ड रहते हुए प्रेरणादायक साहित्य लिखने वाले दलित लेखक अशोक कुमार हलदर, कर्नाटक संगीत के लिए रंजनी और गायत्री, अभिनेता अनिल कुमार रस्तोगी और प्रोफेसर महेंद्र नाथ रॉय को भी पद्म श्री से सम्मानित किया गया. गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर, सरकार ने वर्ष 2026 के लिए 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की थी, जिनमें पांच पद्म विभूषण पुरस्कार शामिल थे.
राष्ट्रपति ने 25 मई को आयोजित पहले नागरिक सम्मान समारोह में 65 पद्म पुरस्कार दिए थे. देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिए जाते हैं- पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री. ये पुरस्कार विभिन्न क्षेत्रों में योगदान के लिए दिए जाते हैं जिनमें कला, समाज सेवा, जन-सेवा, विज्ञान और इंजीनियरिंग, व्यापार और उद्योग, चिकित्सा, साहित्य और शिक्षा, खेल, सिविल सेवा आदि शामिल हैं.
पद्म विभूषण असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए दिया जाता है जबकि पद्म भूषण उच्च स्तर की विशिष्ट सेवा के लिए और पद्म श्री किसी भी क्षेत्र में योगदान के लिए दिया जाता है.

