दिल्ली: ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर चालान प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, आसान और डिजिटल बनाने के लिए नई तकनीकी व्यवस्था लागू की है. इस नई पहल के तहत अब वाहन चालक मौके पर ही यूपीआई, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड के जरिए डिजिटल माध्यम से चालान का भुगतान कर सकेंगे. इसके लिए ट्रैफिक पुलिस के फील्ड अधिकारियों को आधुनिक हैंडहेल्ड ई-चालान मशीनें उपलब्ध कराई जा रही हैं.
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ट्रैफिक मुख्यालय एवं जोन-1 विजयंत गोयल आर्य ने बताया की इस नई व्यवस्था का उद्देश्य चालान भुगतान प्रक्रिया को कैशलेस, तेज और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाना है. अब ट्रैफिक नियम तोड़ने पर वाहन चालक न केवल वर्तमान चालान बल्कि पुराने लंबित चालानों का भी भुगतान मौके पर ही डिजिटल तरीके से कर सकेंगे. इससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों या ऑनलाइन पोर्टल के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और भुगतान प्रक्रिया अधिक सरल हो जाएगी.
नई तकनीकी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली भर में तैनात ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों को करीब 1500 नई ई-चालान मशीनें वितरित की जा रही हैं. इन मशीनों में कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं, जिनकी मदद से मौके पर तेजी से चालान बनाया जा सकेगा. साथ ही वाहन और नियम उल्लंघन करने वाले व्यक्ति की फोटो भी कैप्चर की जा सकेगी. यदि किसी वाहन को टो किया जाता है तो उसकी जानकारी संबंधित वाहन मालिक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज के जरिए तुरंत भेजी जाएगी.दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपनी ई-चालान प्रणाली को भारत बिल पेमेंट सिस्टम यानी बीबीपीएस से भी जोड़ दिया है. इस एकीकरण के बाद नागरिक किसी भी यूपीआई आधारित मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से वर्तमान और पुराने कंपाउंडेबल चालानों का भुगतान आसानी से कर सकेंगे.
अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था सुरक्षित, पारदर्शी और तेज भुगतान सुनिश्चित करेगी.नई व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने सभी फील्ड अधिकारियों और सर्किल ट्रैफिक इंस्पेक्टर्स के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र भी आयोजित किया. प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को नई ई-चालान मशीनों के संचालन, डिजिटल भुगतान प्रक्रिया और शिकायत निवारण प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ट्रैफिक मुख्यालय एवं जोन-1 विजयंत गोयल आर्य ने कहा कि दिल्ली ट्रैफिक पुलिस आधुनिक तकनीक और स्मार्ट प्रवर्तन प्रणाली के जरिए ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने, पारदर्शिता बढ़ाने और नागरिकों को अधिक सुविधाजनक सेवाएं देने के लिए लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि नई डिजिटल व्यवस्था से सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा और ट्रैफिक नियमों के पालन में भी सुधार आएगा.

