उत्तर प्रदेश: सीएम योगी आदित्यनाथ मंगलवार शाम करीब 5 बजे प्रयागराज पहुंचे. यहां उन्होंने नगर निगम के नवनिर्मित हॉल का उद्घाटन करने करने के साथ ही 400 करोड़ रुपए के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान सीएम योगी संगम पर आरती में भी शामिल हुए.
सीएम योगी ने नगर निगम कार्यकारिणी के 3 साल पूरे होने पर कार्यक्रम में शिरकत की. इस मौके पर कहा कि नगर निगम महाकुंभ के आयोजन के लिए जाना जाएगा. दिव्य और भव्य महाकुंभ से देश और दुनिया को आकृषित किया है. 45 दिनों में 66 करोड़ श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में स्नान किया है. 2017 के पहले यही प्रयागराज अराजकता और गंदगी के लिए जाना जाता था. लोग आना नहीं चाहते थे. 2019 में पहली बार हमारी सरकार को कुंभ के आयोजन का अवसर मिला, जिसे यूनेस्को ने मान्यता दी. इस सांस्कृतिक आयोजन को पूरी दुनिया में महत्ता मिली.
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 26, 2026
नगर निगम की कार्यकारिणी ने इसमें योगदान दिया. अगले कुंभ तक करोड़ों रुपए के विकास कार्य धरोहर के रूप में सामने आएंगे. यहां के महापौर ने जो कार्य किए, वह अद्भुत हैं. 61 साल पुरानी नगर निगम की बिल्डिंग को भव्य रूप दिया गया है. नगर निगम 400 करोड़ रुपए के कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करा रहा है, यानी हम रुके नहीं हैं, मां गंगा की निर्मलता और अविरलता की तरह आगे निरंतर बढ़ रहें हैं. शिवालिक पार्क का भी सीएम योगी ने जिक्र किया है.
कहा कि पहले अक्षय वट के दर्शन की अनुमति नहीं थी. 2019 में पीएम मोदी के आशीर्वाद से यह खुला. महर्षि भरद्वाज पार्क का भी सौंदर्यीकरण हुआ है. वह कब्जा और अतिक्रमण मुक्त हो गया है.
कहा कि आज मंगलवार है और गंगा दशहरा भी है. आज कई पुण्य अर्जित करने का अवसर है. कहा कि 9 साल पहले प्रयागराज में भय और आतंक के साथ अराजकता थी. विकास ठप हो गया था. आज प्रयागराज माफियागिरी और गुंडागर्दी से मुक्त है. अब प्रयागराज में बहन-बेटी किसी भी समय निकल सकतीं हैं. कहा कि 45 दिनों तक कुंभ में यहां के लोगों ने अपने घर के आयोजन की तरह सहयोग किया.
आज प्रयागराजवासी वर्ल्ड क्लास तकनीक से बने गंगा एक्सप्रेसवे से 7 घंटे में दिल्ली जा सकते हैं. औद्योगिक गलियारे बनाए जा रहे हैं. शहर उत्तरी विधानसभा के लिए 1 हजार करोड़ रुपए से फोरलेन ब्रिज भी गंगा पर बनेगा. सीएम योगी ने कहा आने वाले दिनों में यहां कई बड़े प्रोजेक्ट आएंगे. बिना रुके और बिना झुके विकास के लिए कार्य होता रहेगा.

