नोएडा: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र के साकीपुर गांव में एक 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. इस मामले में पुलिस ने आरोपी टिल्लू को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार युवक अपने दोस्त के यहां शादी समारोह से लौट रहा था. तभी पड़ोस में रहने वाले मंगेश उर्फ टिल्लू ने अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ उसे घेर लिया. उसके साथ मारपीट की. फिर तमंचा निकाल कर छात्र पर फायरिंग शुरू कर दी.
छात्र जान बचाने के लिए घर के अंदर भागा. मगर आरोपियों ने पीछा कर उसके तीन गोलियां मारीं. एक गोली सीने में और दो पेट में लगीं. छात्र लहूलुहान होकर फर्श पर गिर गया. फायरिंग की आवाज सुनकर घर के लोग बाहर आ गए. परिजन घायल युवक को कैलाश अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद से गांव में मातम और तनाव का माहौल है.
एडिशनल डीसीपी आर के गौतम ने बताया कि 25 वर्षीय मृतक युवक की पहचान साजन के रुप मे हुई है जो LLB का छात्र था. वह अपने दोस्त के यहां शादी समारोह से लौट रहा था. तभी पड़ोस में रहने वाले मंगेश उर्फ टिल्लू ने अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ उसे घेर लिया. आरोपियों ने पहले साजन के साथ गाली-गलौज की. विरोध करने पर मंगेश उर्फ टिल्लू ने साजन पर फायरिंग कर दी. साजन को तीन गोलियां लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. परिजन घायल युवक को कैलाश अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
उन्होंने आगे बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने वीर सिंह, मंगेश उर्फ टिल्लू , वीरबती और श्रीपाल समेत अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस की चार टीमें गठित की गई है. इस घटना में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही है. जल्द ही सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा. गांव में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस बल को तैनात किया है.

