उत्तराखंड

उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम 2026 घोषित, हाईस्कूल और इंटर में लड़कियों ने मारी बाजी

उत्तराखंड: बोर्ड का हाईस्कूल और इंटर का रिजल्ट घोषित हो गया है. हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 92.10% रहा. इस बार भी बोर्ड परीक्षा में बेटियों का दबदबा रहा. बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.07 रहा. बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.03 दर्ज किया गया है. इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम 85.11% रहा. इसमें भी बालिकाओं ने बाजी मारी है. बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.09 रहा. लड़कों का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.93 रहा है. सीएम धामी और शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने सफल छात्र छात्राओं को बधाई दी है. असफल रहे छात्र-छात्राओं से हिम्मत नहीं हारते हुए फिर से मेहनत करने को कहा है.

टॉपर्स की बात करें तो हाईस्कूल में अक्षत गोपाल, एमपी हिंदू इंटर कॉलेज, रामनगर (नैनीताल) ने 500 में से 491 अंक (98.20%) हासिल कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है. वहीं ईशान कोठारी (उत्तरकाशी) और भूमिका पांडे, जीआईसी खेरना (नैनीताल) ने 500 में से 490 अंक (98%) हासिल कर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया.

खास बात ये रही कि भूमिका पांडे ने बालिकाओं की मेरिट सूची में शीर्ष स्थान हासिल किया. इसके अलावा योगेश जोशी, मंडल-रामबाग (बागेश्वर) ने 500 में से 489 अंक (97.80%) हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में तृतीय स्थान प्राप्त किया.

इस साल का हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा का परिणाम पिछले साल की तुलना में 1.33 बिंदु प्रतिशत बेहतर रहा. हाईस्कूल परीक्षा 2026 में बागेश्वर जनपद कुल 96.98 प्रतिशत रिजल्ट के साथ उत्तराखंड में पहले स्थान पर रहा. हाईस्कूल की परीक्षा में 1,08,983 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए थे. इनमें से 100373 छात्रा छात्राएं पास हुए हैं.

इण्टरमीडिएट परीक्षा-2026 का कुल परीक्षाफल 85.11% रहा है. इसमें बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.93 तथा बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.09 रहा. सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज बागेश्वर की गीतिका पंत और भंजूराम अमर इंटर कॉलेज भूरारानी, उधम सिंह नगर की छात्रा सुशीला मेहंदीरत्ता ने इंटरमीडिएट परीक्षा में 490/500 कुल 98.00 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश की श्रेष्ठता सूची में संयुक्त रूप से सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है.

इस साल इंटरमीडिएट में पंजीकृत छात्रों की संख्या 1,02,986 थी. इनमें से 1,00,452 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं. 85,499 छात्र-छात्राएं परीक्षा में पास हुई हैं. रेगुलर परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 85.93 रहा जबकि प्राइवेट परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 61.48 रहा. अच्छी बात ये रही कि इस साल का इंटर का रिजल्ट पिछले साल की तुलना में 1.88 प्रतिशत बेहतर रहा.

प्रदेश के शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत और माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती व उत्तराखंड बोर्ड के सचिव विनोद कुमार सिमल्टी की मौजूदगी में यह परीक्षा परिणाम घोषित किया गया. इस बार परीक्षा प्रक्रिया समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरी की गई.

खास बात यह रही कि पहली बार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से कराई गई, जिससे छात्रों को काफी सहूलियत मिली. शिक्षा मंत्री ने कहा कि अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो इस साल हाईस्कूल में 1 लाख 12 हजार 266 और इंटरमीडिएट में 1 लाख 2 हजार 986 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए. इस तरह कुल 2 लाख 15 हजार 252 परीक्षार्थियों ने बोर्ड परीक्षा दी थी.

परीक्षा कार्यक्रम भी इस बार तय समय के अनुसार ही संपन्न किया गया था. प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी से 15 फरवरी के बीच कराई गईं थी, जबकि लिखित परीक्षाएं फरवरी के तीसरे सप्ताह से शुरू होकर 20 मार्च तक चली थी.

परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रदेशभर में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. इनमें 50 एकल केंद्र और 1,211 मिश्रित केंद्र शामिल थे. वहीं 156 केंद्रों को संवेदनशील और 6 को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया था. टिहरी गढ़वाल में सबसे ज्यादा 136 केंद्र बनाए गए, जबकि चंपावत में सबसे कम 44 केंद्र रहे.

इस बार छात्रों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था भी लागू की गई है, जिसमें सभी स्कूलों को अलग-अलग पोर्टल और पासवर्ड दिए गए हैं, जिससे छात्र अपने स्कूल में ही आसानी से रिजल्ट देख सकेंगे. इसके अलावा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर भी परिणाम उपलब्ध है. आधिकारिक वेबसाइट पर भी छात्र अपना रिजल्ट देख सकते है www.ubse.uk.gov.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *