दिल्‍ली-एनसीआर

नोएडा व ग्रेटर नोएडा में AOA–RWA का एकतरफा राज अब होगा खत्म

ग्रेटर नोएडा: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सेक्टरों और सोसायटियों में वर्षों से चल रहे AOA (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) और RWA के एकतरफा राज पर अब रोक लगने वाली है. जिला प्रशासन ने उन सेक्टरों और सोसायटियों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है, जहां लंबे समय से चुनाव नहीं कराए गए हैं. इन सभी स्थानों पर जल्द ही निष्पक्ष चुनाव कराए जाएंगे.

जिला प्रशासन के अनुसार, कई सोसायटियों में पिछले कई वर्षों से एक ही समूह का नियंत्रण बना हुआ है. इससे पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे. अब प्रशासन इन मामलों में हस्तक्षेप कर नियमों के तहत नए चुनाव कराने की तैयारी कर रहा है.

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में 1000 से अधिक सेक्टर और सोसायटियां हैं, जहां करीब 15 लाख से ज्यादा लोग रहते हैं। इनमें कई जगहों पर 5 साल से भी अधिक समय से चुनाव नहीं हुए हैं. प्रशासन ऐसे सभी AOA और RWA को चिन्हित कर रहा है. कई सोसायटियों में चुनाव न होने से मेंटेनेंस, फंड के उपयोग और अन्य प्रशासनिक फैसलों को लेकर विवाद बढ़ रहे हैं. कुछ जगहों पर आरोप है कि नियमों के खिलाफ फैसले लिए जा रहे हैं सोसाइटियों में मनमाने तरीके से व्यवसायिक कार्य किए जा रहे है. और निवासियों को निर्णय प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जा रहा है.

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन सोसायटियों में लंबे समय से चुनाव नहीं हुए हैं, वहां नियमों के तहत चुनाव कराए जाएंगे. इसके लिए संबंधित विभागों से सूची मांगी गई है और प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. निष्पक्ष चुनाव होने से सोसायटियों के निवासियों को अपने प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलेगा और वर्षों से चल रहे एकतरफा नियंत्रण पर भी रोक लग सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *