दिल्‍ली-एनसीआर

भाजपा के नए कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने संभाला पदभार, अमित शाह और जेपी नड्डा ने किया स्वागत

दिल्ली: भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर सोमवार को पार्टी के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन का भव्य स्वागत किया गया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के अन्य नेताओं ने नबीन का स्वागत किया. इसके बाद भाजपा के नए कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने पदभार संभाला और अमित शाह और जेपी नड्डा ने उन्हें भाजपा अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया. इस दौरान वहां मौजूद नेताओं ने तालियां बजाकर पार्टी के नए कार्यकारी अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया.

पार्टी मुख्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं की तरफ से नितिन नबीन को गुलदस्ते भेंट किए गए.

इससे पहले, दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे नितिन नबीन का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे. दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने यहां भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नबीन का स्वागत किया. वहीं, नितिन नबीन को बधाई देने और उनका स्वागत करने वाले बीजेपी ऑफिस में बैनर लगाए गए हैं.

भाजपा संसदीय बोर्ड ने रविवार को नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने को मंजूरी दी थी. इसके बाद पार्टी ने एक बयान जारी कर उनके नाम की घोषणा की. राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की कमान सौंपे जाने के बाद नितिन नबीन ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया. उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक कार्यकर्ता पर भरोसा किया है. पार्टी में हमेशा कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया है. वह पार्टी के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे. बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री नितिन नबीन ने कहा कि पार्टी का नेतृत्व करने में कोई चुनौती नहीं है.

45 साल के नितिन नबीन पटना की बांकीपुर सीट से विधायक हैं और नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में वह लगातार पांचवीं बार निर्वाचित हुए. वह भाजपा के वरिष्ठ नेता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बेटे हैं. नितिन नबीन अब तक बीजेपी के सबसे कम उम्र के अध्यक्ष हैं. वह न सिर्फ बिहार से, बल्कि पूर्वी भारत से भी पहले भाजपा अध्यक्ष हैं.

सोमवार को दिल्ली रवाना होने से पहले पटना में एएनआई से बात करते हुए नितिन नबीन ने बिहार और अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोगों के समर्थन और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि बांकीपुर के लोगों ने उनकी तरक्की में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. उन्होंने कहा, “मेरे निर्वाचन क्षेत्र के लोगों ने मुझे आशीर्वाद दिया है. उनके आशीर्वाद से ही यह सब हो रहा है.”

नबीन ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और समर्थन से अपनी जिम्मेदारी को आगे बढ़ाएंगे. उन्होंने कहा, “मैं केंद्रीय नेतृत्व, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, रक्षा मंत्री और केंद्रीय नेतृत्व में सभी को यह अवसर देने के लिए दिल से बधाई देता हूं. मुझे प्रधानमंत्री का आशीर्वाद मिला है, और उन्होंने जो मार्गदर्शन और नेतृत्व प्रदान किया है, मैं उसे और आगे बढ़ाऊंगा.”

दिल्ली रवाना होने से पहले, नितिन नबीन ने पटना के महावीर मंदिर जाकर आशीर्वाद लिया और उसके बाद अपने पिता, दिवंगत भाजपा नेता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा की प्रतिमा पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *