दिल्‍ली-एनसीआर

दिल्ली में पहली बार हॉट एयर बैलून राइड की शुरुआत, बांसेरा पार्क बना नया एडवेंचर हब

दिल्ली: राजधानी दिल्ली अब सिर्फ ऐतिहासिक और राजनीतिक पहचान तक सीमित नहीं, बल्कि मनोरंजन और एडवेंचर गतिविधियों के नए आयाम भी तेजी से जुड़ रहे हैं. दिल्ली में पहली बार हॉट एयर बैलून राइड की सुविधा शुरू होने जा रही है. उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने मंगलवार को जानकारी दी कि यमुना नदी के किनारे स्थित डीडीए के बांसेरा पार्क में हॉट एयर बैलून राइड के ट्रायल सफलतापूर्वक पूरे हो गए हैं.

यह सुविधा शनिवार से आम जनता के लिए खोल दी जाएगी. उपराज्यपाल विनय कुमार ने बताया कि यह सेवा एक क्वालिफाइड और प्रोफेशनल ऑपरेटर द्वारा संचालित की जाएगी. इसकी सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से ध्यान रखा गया है. सुरक्षा को लेकर सभी अंतरराष्ट्रीय पैरामीटर्स का पालन किया गया है, जिससे लोग खुलकर और निश्चिंत होकर इस एडवेंचर का आनंद ले सकें.

बांसेरा पार्क, जहां से हॉट एयर बैलून राइड की शुरुआत हो रही है. डीडीए की एक अनोखी पहल है. यह पार्क यमुना नदी के सराय काले खां क्षेत्र में विकसित प्राकृतिक वनस्पतियों और पर्यावरणीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है. इसका नाम ‘बांसेरा’ इसलिए रखा गया है क्योंकि यहां बांस की 27 प्रजातियां लगाई गई हैं, जो इसे दिल्ली का पहला बांस-थीम आधारित पार्क बनाती हैं.

यमुना के हरित क्षेत्र में फैला यह पार्क शहरवासियों के लिए एक नया आकर्षण केंद्र बन चुका है. यहां प्राकृतिक पगडंडी, साइक्लिंग ट्रैक, बर्ड वॉचिंग पॉइंट व नदी किनारे बैठने के खूबसूरत स्थान मौजूद हैं. इन सबके बीच अब हॉट एयर बैलून राइड इस पार्क की पहचान को और भी खास बना देगी. यमुना नदी के तटवर्ती इलाके का हरा-भरा नजारा हवा में ऊपर से देखना दिल्लीवासियों के लिए एक बिल्कुल नया अनुभव होगा.

उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने बताया कि बांसेरा पार्क में शुरुआत के बाद जल्द ही अन्य स्थानों पर भी हॉट एयर बैलून राइड उपलब्ध कराई जाएगी. इनमें असीता ईस्ट पार्क- यमुना नदी के पूर्वी किनारे विकसित एक विशाल इको-टूरिज्म ज़ोन के साथ यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और सीडब्ल्यूजी विलेज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी शामिल हैं. इन लोकेशनों से भी लोग नदी, हरियाली व शहर का पैनोरमिक दृश्य देख सकेंगे.

दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी (डीडीए) का यह प्रोजेक्ट राजधानी में मनोरंजन के नए अवसर पैदा करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. उपराज्यपाल ने कहा कि यह पहल दिल्ली को एक वाइब्रेंट सिटी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है, जहां विश्वस्तरीय रिक्रिएशनल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. हॉट एयर बैलून राइड की शुरुआत न केवल दिल्ली के टूरिज्म सेक्टर को बढ़ावा देगी, बल्कि यमुना नदी के किनारों को नए रूप में विकसित किए जा रहे ‘ग्रीन ओपन स्पेस’ का महत्व भी बढ़ाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *