दिल्ली: भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने 12 एमसीडी उपचुनाव उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. आम आदमी पार्टी के बाद अब भाजपा ने भी नामांकन की अंतिम तिथि से महज 24 घंटे पहले आखिरकार प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है. साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा के पक्ष में एक तरफा चुनाव परिणाम आने की संभावना भी जताई है. वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि उम्मीदवारों का चयन गहन चर्चा के बाद किया गया है. हमने यह सुनिश्चित किया है कि उम्मीदवारों का चयन योग्यता और जीत के मानदंडों के आधार पर किया जाए. केंद्र, राज्य और एमसीडी में हमारे काम के आधार पर हम एकतरफा लहर के साथ जीतेंगे.
भारतीय जनता पार्टी, दिल्ली प्रदेश अपने श्रेष्ठ नेतृत्व के परामर्श से दिल्ली नगर निगम उप- चुनाव-2025 के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित करती है जिसकी सूची निम्न प्रकार है। pic.twitter.com/tDebnL7Cj7
— BJP Delhi (@BJP4Delhi) November 9, 2025
अगर प्रत्याशियों की बात करें तो शालीमार बाग बी की हाई प्रोफाइल सीट पर भाजपा ने अनीता जैन पर विश्वास जताया है. वहीं द्वारका बी की दूसरी महत्वपूर्ण सीट पर मनीषा राजपाल सेहरावत को टिकट दिया गया है. मुंडका से जयपाल सिंह दाराल उर्फ चीनी प्रधान पर पार्टी ने विश्वास जताया है. उधर अशोक विहार वार्ड से वीना असीजा, चांदनी चौक से पूर्व पार्षद सुमन कुमार गुप्ता, चांदनी महल से सुनील शर्मा को मौका दिया गया है. इसके अलावा ढीचाउ कलां से रेखा रानी, नारायणा से डॉ. चंद्रकांता शिवानी, दक्षिणपुरी से रोहिणी राज, संगम विहार ए वार्ड से शुभ्रजीत गौतम, ग्रेटर कैलाश से अंजुम मंडल और विनोद नगर से सरला चौधरी पर पार्टी ने विश्वास जताया है.
कांग्रेस की तरफ से मुंडका वार्ड से मुकेश को टिकट दिया गया है. वहीं शालीमार बाग बी वार्ड में एससी महिला सरिता कुमारी को टिकट दिया गया है. अशोक विहार वार्ड में भी एससी महिला विशाखा रानी को कांग्रेस ने टिकट दिया है, जबकि ये दोनों वार्ड सामान्य महिला के लिए आरक्षित हैं. इसके बावजूद कांग्रेस ने एससी वर्ग के उम्मीदवारों को वरीयता दी है. इसके साथ ही चांदनी चौक वार्ड से अजय कुमार जैन, चांदनी महल से कुंवर शहजाद अहमद को टिकट दिया गया है. इसी तरह द्वारका बी वार्ड में कांग्रेस ने सुमिता मालिक को प्रत्याशी बनाया है. उधर ढीचाऊं कलां वार्ड में रश्मि शर्मा, नारायणा में मनोज तंवर, संगम विहार वार्ड ए से सुरेश चौधरी, दक्षिणपुरी एससी के लिए रिजर्व सीट पर विक्रम को उतारा है. इसके अलावा ग्रेटर कैलाश सीट से शिखा कपूर को प्रत्याशी बनाया है. वहीं, पूर्वांचल समाज को प्रतिनिधित्व देते हुए विनोद नगर वार्ड से विनय शंकर दुबे को प्रत्याशी बनाया है.
बता दें कि, रविवार को आम आदमी पार्टी ने भी अपने सभी प्रत्याशियों की सूची जारी की थी. सोमवार को नामांकन का अंतिम दिन है, जो कि नामांकन का मेगा मंडे साबित होने जा रहा है. भाजपा, आप और कांग्रेस, तीनों ही दलों के कुल 36 प्रत्याशी एक ही दिन नामांकन करेंगे. इसके अलावा और भी कोई बागी निर्दलीय के रूप में नामांकन कर सकते हैं. बता दें कि, निगम उपचुनाव के लिए 30 नवंबर को मतदान होगा.

