देश

भारत के सपूत शुभांशु शुक्ला ने रचा नया इतिहास, अंतरिक्ष की ओर बढ़ाया कदम

देश: भारत के अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला समेत तीन अन्य यात्री एक्सिओम मिशन-4 की उड़ान पर निकल चुके हैं. जानकारी के मुताबिक उनकी यह यात्रा करीब 28 घंटे की है. वे गुरुवार शाम करीब 4 बजकर 30 मिनट पर इंटरनेशनल स्पेस सेंटर पर लैंड करेंगे.

इससे पहले आज पूरे देश की निगाहें अंतरिक्ष की ओर लगी हैं क्योंकि आज बुधवार 25 जून 2025 को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का युवक अंतरिक्ष की उड़ान भरने को तैयार है. बता दें, भारत के अंतरिक्ष यात्री और ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन के लिए उड़ान भरने वाले हैं. जानकारी के मुताबिक शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय हैं. ऐसे में पूरा देश उत्साहित है.

बता दें, शुभांशु शुक्ला 14 दिनों तक इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर रहेंगे. पूरा देश उनकी कामयाबी की दुआ कर रहा है. इस मौके पर भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की मां आशा शुक्ला ने कहा कि हम इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकते. हम बिल्कुल भी डरे हुए नहीं हैं. हम खुश हैं, हमें बहुत गर्व है.

वहीं, उनके पिता शंभूनाथ शुक्ला ने कहा कि उनका मिशन दोपहर 12 बजे के आसपास लॉन्च होने वाला है. हम उनके मिशन के लॉन्च को देखने के लिए बहुत उत्सुक हैं. हम बहुत खुश हैं. हमारा आशीर्वाद उनके साथ है, और हम ईश्वर से भी प्रार्थना करते हैं कि उनका मिशन अच्छे से पूरा हो. वह पूरी तरह से तैयार हैं. उनके लिए लगाए गए सभी पोस्टर देखकर बहुत अच्छा लग रहा है. वह लखनऊ, उत्तर प्रदेश और हमारे देश का नाम रोशन कर रहे हैं. हमें उन पर गर्व है.

शुभांशु शुक्ला की बहन निधि मिश्रा ने कहा कि यह न केवल मेरे लिए बल्कि भारत में सभी के लिए गर्व का क्षण है. मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकती. मैं बस इतना कहना चाहती हूं कि ‘शुभांशु, आपका मिशन सफल हो और आप सुरक्षित वापस हमारे पास आएं. मुझे अच्छा लग रहा है और मैं उम्मीद कर रही हूं कि वह अपना मिशन सफलतापूर्वक पूरा करके जल्द ही हमारे पास वापस आ जाएगा ताकि मैं उसे एक बार फिर गले लगा सकूं. उन्होंने कहा कि मेरा भाई कहता है कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं है. इस दुनिया में आपको कुछ भी आसानी से नहीं मिलता. आज हम जो कुछ भी देख रहे हैं, उसके पीछे बहुत मेहनत है. मैं अभी अपने भाई के लिए थोड़ी भावुक हूं.

जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक Axiom Mission 4 में शुभांशु शुक्ला के साथ तीन और अंतरिक्ष यात्री भी जाएंगे. शुभांशु शुक्ला इस मिशन को लीड कर रहे हैं. इनके अलावा अमेरिका के कमांडर पैगी व्हिटसन, पोलैंड के स्लावोज उज्ज्रन्स्की विस्रिएव्स्की और हंगरी के मिशन एक्सपर्ट टिबोर कापू भी शामिल हैं. यह एक्सिओम मिशन-4 भारत के इसरो और अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा की संयुक्त पहल है. राकेश शर्मा के बाद शुभांशु शुक्ला दूसरे भारतीय हैं, जो अंतरिक्ष में जाएंगे. करीब 4 दशक बाद कोई भारतीय अंतरिक्ष में कदम रखने जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *