उत्तराखंड: जम्मू कश्मीर में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले के बाद उत्तराखंड में हाई अलर्ट है. देर रात पुलिस ने राजधानी देहरादून, धर्मनगरी हरिद्वार और योग नगरी ऋषिकेश में सघन चेकिंग अभियान चलाया. इसके साथ ही सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है.
इसके साथ ही राज्य भर में पुलिस चेकिंग कर रही है. संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जा रही है. राज्य के डीजीपी के अनुसार जम्मू कश्मीर में हुए आतंकवादी हमले के बाद हमारी पुलिस हाई अलर्ट मोड में हैं. प्रदेश के बॉर्डर इलाकों के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग की जा रही है.
कश्मीर के पहलगांव मे हुए आतंकी हमले के दृष्टिगत संपूर्ण देहरादून को किया गया छावनी मे तब्दील
पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड महोदय के निर्देशो पर सम्पूर्ण देहरादून जनपद मे चलाया जा रहा सघन चेकिंग अभियान SSP देहरादून द्वारा स्वयं क्षेत्र मे मौजूद रहकर चेकिंग का लिया जा रहा जायजा pic.twitter.com/tApmVAN6gy— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) April 23, 2025
उत्तराखंड पुलिस बॉर्डर क्षेत्रों में खास सुरक्षा एहतियात बरत रही है. मंगलवार रात देहरादून के एसएसपी खुद सड़कों पर उतरे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. हाई अलर्ट का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पुलिस हेडक्वार्टर से राज्य के सभी 13 जिलों का हर घंटे अपडेट लिया जा रहा है. उत्तराखंड में प्रवेश करने वाले हर हाईवे और संपर्क मार्ग पर चेकिंग हो रही है.
गौरतलब है कि मंगलवार को जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादी हमला हुआ. आतंकवादियों ने वहां घूमने गए पर्यटकों का सामूहिक नरसंहार किया. आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की मौत हो चुकी है. इनमें 2 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं. आतंकवादी हमले के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह खुद जम्मू कश्मीर चले गए हैं. गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि किसी आतंकवादी को नहीं छोड़ेंगे.
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमला की कड़ी निंदा की है. सीएम धामी ने कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमला मानवता के विरुद्ध एक अमानवीय एवं बर्बर कृत्य है. इस कायराना हमले में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. आतंकवाद, संस्कृति, शांति के साथ मानवता के मूल्यों पर हमला है. आतंकियों की जम्मू कश्मीर को अशांत करने की कोशिश कभी भी कामयाब नहीं होगी. इस कुकृत्य का मुंहतोड़ जवाब इन आतंकियों को अवश्य मिलेगा.

