उत्तराखंड: यदि आप भी किसी कारण से उत्तराखंड की चारधाम यात्रा पर नहीं आ पा रहे है तो टेंशन न ले. आप घर बैठे ही बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की पूजा-अर्चना का पुण्य ले सकते है. ऐसे भक्तों के लिए बदरी-केदार मंदिर समीति ने ऑनलाइन पूजा-अर्चना की व्यवस्था की है. जानिए कैसे भक्त घर बैठे ही बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में ऑनलाइन पूजा-अर्चना कर सकते है.
तीस अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा की शुरूआत हो जाएगी. इसके बाद दो मई को केदारनाथ और चार मई को बदरीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे. चारधाम में दर्शन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी शुरू हो चुका है. दस लाख से ज्यादा श्रद्धालु चारधाम के लिए अभीतक रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं. वहीं बदरीनाथ-केदारनाथ धाम के लिए ऑनलाइन पूजा का रजिस्ट्रेशन 10 अप्रैल से शुरू होगा.
ऐसे में जो श्रद्धालु घर बैठे केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम में अपने नाम से पूजा करवाना चाहते हैं, वह श्रद्धालु बदरी केदार मंदिर समिति की वेबसाइट https://badrinathkedarath.gov.in पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग करवा सकते है. ऑनलाइन पूजा करवाने वाले लोगों के नाम से न सिर्फ पूजा की जाती है, बल्कि उन श्रद्धालुओं को उनके एड्रेस पर केदारनाथ और बदरीनाथ धाम का प्रसाद भी भेजा जाता है.
बदरीनाथ धाम में ब्रह्म मुहूर्त में होने वाला महाभिषेक और अभिषेक पूजा के साथ ही वेद पाठ, गीता पाठ, विष्णु सहस्रनामावली, सायंकालीन स्वर्ण आरती, चांदी आरती, गीत गोविंद पाठ के साथ ही शयन आरती भी शामिल है. इसी तरह केदारनाथ धाम में षोडशोपचार पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और सायंकालीन आरती के लिए आनलाइन बुकिंग की जाती है.
बीकेटीसी के सीईओ विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि जो श्रद्धालु ऑनलाइन पूजा करवाना चाहते हैं, उनको बीकेटीसी की वेबसाइट पर जाकर पूजा के लिए बुकिंग करवानी होगी, जिसमें अपना नाम, गोत्र, परिवार के सदस्यों की संख्या समेत अन्य जानकारियों देनी होती है. इसके साथ ही इस विकल्प को भी चुनाव होता है कि वो एक साल या फिर अगले कितने सालों के लिए ऑनलाइन पूजा बुक करना चाहते हैं. ऐसे में कपाट खोलने के बाद जब सुबह शाम धाम में पूजा शुरू होती है उसे दौरान उसे व्यक्ति के नाम का उच्चारण करने के साथ ही उसके नाम से पूजा की जाती है.
जानिए कितना देना होगा शुल्क:
- बदरीनाथ धाम में कूपर आरती के लिए 201 रुपए का शुल्क रखा गया है.
- बदरीनाथ धाम में चांदी आरती के लिए 401 रुपए का शुल्क रखा गया है.
- बदरीनाथ धाम में स्वर्ण आरती के लिए 501 रुपए का शुल्क रखा गया है.
- बदरीनाथ धाम में विष्णु सहस्रनामावली के लिए 701 रुपए का शुल्क रखा गया है.
- बदरीनाथ धाम में वेद पाठ के लिए 2500 रुपए का शुल्क रखा गया है.
- बदरीनाथ धाम में गीता पाठ के लिए 2500 रुपए का शुल्क रखा गया है.
- बदरीनाथ धाम में अभिषेक पूजा के लिए 4500 रुपए का शुल्क रखा गया है.
- बदरीनाथ धाम में महाभिषेक पूजा के लिए 4800 रुपए का शुल्क रखा गया है.
- केदारनाथ में महाभिषेक पूजा के लिए 5500 रुपए का शुल्क रखा गया है.
- केदारनाथ में स्पेशल पूजा के लिए 12,000 रुपए का शुल्क रखा गया है. .
- केदारनाथ में श्रीमद्भागवत पाठ के लिए 51,000 रुपए का शुल्क रखा गया है.

