उत्तराखंड

उत्तराखंड में नए साल में बदलेगा मौसम, कई जिलों में आज बारिश और बर्फबारी की संभावना

उत्तराखंड: भले ही सैलानी साल के अंत में बर्फबारी की टकटकी लगाए हुए थे, लेकिन मौसम ने उन्हें निराश कर दिया. लेकिन नए साल में सैलानियों को बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है. देहरादून मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी होने का अंदेशा जताया है. साथ ही कई जिलों में घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की अपील की गई है.

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लंबे समय से तल्ख बना हुआ है. दिसंबर के महीने में भी बारिश देखने को नहीं मिली, जिससे सुखी ठंड पड़ रही है. देहरादून मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जनपदों के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. जबकि बागेश्वर, देहरादून , टिहरी,पौड़ी, नैनीताल, अल्मोड़ा और चंपावत जिले में हल्की बारिश होने का अंदेशा जताया गया है. 3000 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है. वहीं प्रदेश के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.

देहरादून मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत,पौड़ी और देहरादून में कई क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है. उधम सिंह नगर, देहरादून और नैनीताल जिले के मैदानी क्षेत्रों में शीत दिवस का अंदेशा जताया गया है. जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सचेत रहने की अपील की है.बात राजधानी देहरादून की करें तो आसमान में आंशिक रूप से लेकर मुख्यतः रूप से बादल छाए रहेंगे. कुछ स्थानों में गरज के बादल विकसित होने की संभावना है. अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान क्रमशः 16°C तथा 09°C के लगभग रहने की संभावना है.

गौर हो कि उत्तराखंड में लंबे समय से बारिश ना होने से मौसम शुष्क बना हुआ है. जहां एक ओर पहाड़ी जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है तो वहीं मैदानी क्षेत्रों में कोहरे व शीत दिवस ने लोगों की मुश्किलों को बढ़ा दिया है. तमाम मार्गों पर विजिबिलिटी कम होने से वाहन रेंगते हुए दिखाई दे रहे हैं. वाहन चालक लाइट जलाकर आवाजाही कर रहे हैं, कम विजिबिलिटी हादसों को भी दावत दे रही है. वहीं कड़ाके की ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *