उत्तराखंड: चारधाम यात्रा के लिए बदरीनाथ धाम पहुंच रहे श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी है. श्रद्धालुओं को भगवान बदरीनाथ के दर्शन के साथ ही बाबा बागेश्वर धाम वाले पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीमुख से भगवत कथा भी सुनने को मिलेगी. पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बदरीनाथ धाम के परमार्थ निकेतन में तीन दिन कथा कर रहे हैं.
कथा को लेकर स्वयं सेवकों ने पहले ही तैयारी कर दी थी. बागेश्वर धाम के बाबा पंडित धीरेंद्र शास्त्री रविवार को भगवान के बदरीनाथ धाम पहुंचे हैं. यहां उन्होंने आज यानी 17 जून से कथा आरंभ कर दी है. ये कथा 19 जून तक आयोजित होगी. बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री हेलीकॉप्टर से बदरीनाथ धाम पहुंचे. इसके बाद उन्होंने खाक चौक आश्रम पहुंचकर भगवान बजरंगबली की विशेष पूजा अर्चना की. बताया जा रहा है कि वह यहां परमार्थ निकेतन में ‘श्री बदरीनाथ महात्म्य’ कथा करेंगे. कथा को लेकर स्वयं सेवकों ने तैयारी पूरी कर ली है. यह कथा बागेश्वर धाम के फेसबुक पेज पर लाइव भी देखी जा सकेगी.
इस अवसर पर सर्वेश्वरानंद दास महाराज, बदरीनाथ धाम के पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, मनोज ठाकुर,बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़, मोहन भट्ट सहित बड़ी संख्या में तीर्थयात्री भी मौजूद रहे।वहीं श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आज देर शाम को श्री बदरीनाथ मंदिर दर्शन को पहुंच सकते हैं।

