उत्तराखंड

शुरू हुई केदारनाथ यात्रा की तैयारियां, जिला प्रशासन ने कसी कमर, उखीमठ में की बड़ी बैठक

उत्तराखंड: ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम की वर्ष 2025 की यात्रा को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है. यात्रा को सुगम, सुव्यवस्थित एवं बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए विधायक केदारनाथ आशा नौटियाल की उपस्थिति में बैठक हुई. बैठक विकास खंड ऊखीमठ के सभागार में जिलाधिकारी सौरभ गहरवार की अध्यक्षता में हुई.

इसमें तीर्थ पुरोहितों, केदारसभा, जनप्रतिनिधियों, होटल एसोसिएशन, टैक्सी यूनियन, घोड़ा-खच्चर एवं डंडी-कंडी संचालकों तथा यात्रा से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में यात्रा के बेहतर एवं सुव्यवस्थित ढंग संचालित करने के लिए उपस्थित सभी लोगों के सुझाव लिए गए.

बैठक में उपस्थित जन प्रतिनिधियों ने यात्रा को सुगम एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए यात्रा पड़ाव के विभिन्न स्थानों पर उचित पार्किंग व्यवस्था की मांग तथा यात्रा मार्ग में उचित शौचालय व्यवस्था, विद्युत, पानी की उचित सुविधा तथा पैदल यात्रा मार्ग एवं केदारनाथ धाम में आवंटित होने वाली दुकानों, संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों तथा डंडी-कंडी के लिए उचित व्यवस्था करने की मांग की. साथ ही दुकान आवंटन एवं घोड़ा-खच्चर संचाल में स्थानीय लोगों एवं केदारघाटी में आपदा प्रभावित लोगों को प्राथमिकता देने की बात कही.

इसके साथ ही स्थानीय व्यापारियों को यात्रा शुरू होने से एक माह पूर्व केदारनाथ जाने की अनुमति देने की बात कही. इसके साथ ही हेली कंपनियों की मनमानी पर भी रोक लगाने की बात कही. केदारनाथ धाम में रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था भी लागू न करने की बात कही गई. रात 8 बजे के बाद पैदल यात्रा संचालन न करने की बात भी कही गई.

बैठक में जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने सभी जनप्रतिनिधियों, तीर्थ पुरोहितों, केदारसभा, होटल एसोशिएशन, टैक्सी यूनियन, घोड़ा-खच्चर संचालकों से कहा केदारनाथ धाम की यात्रा एक महत्वपूर्ण यात्रा है. जिसमें देश-विदेश के तीर्थ यात्री दर्शन के लिए पहुंचते हैं. उन्हें धाम में उचित सुविधा एवं व्यवस्थाएं उपलब्ध हों इसमें सभी का सहयोग बहुत आवश्यक है.

तभी हम यात्रा को सुगम एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित कर सकते हैं. उन्होंने सभी से कहा बैठक में जो भी सुझाव प्राप्त हुए हैं उन सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा. उन्होंने यात्रा मार्ग में लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए स्थानीय लोगों से अपेक्षा की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *