उत्तराखंड: विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली में ‘नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप एवं विंटर कार्निवल 2026’ का भव्य आगाज हो गया है. इस नेशनल चैंपियनशिप में 17 राज्यों की टीमों के अलावा आईटीबीपी, सीआरपीएफ और सेना की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं. राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता का आगाज जाइंट सलालम महिला वर्ग की रेस के साथ हो गया है. पहले दिन जाइंट सलालम प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया.
आज महिला वर्ग की जाइंट सलालम प्रतियोगिता आयोजित की गई. जिसमें कुल 18 प्रतिभागियों ने भाग लिया. प्रतियोगिता में पहला स्थान आंचल ठाकुर ने हासिल किया. जबकि, दूसरा संध्या और तनुजा ठाकुर ने हासिल किया. खास बात ये है कि तीनों विजेता हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं.
चमोली के विश्व प्रसिद्ध हिम क्रीड़ा स्थल औली में आज जाइंट सलालम महिला वर्ग की रेस के साथ राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता का आगाज हो गया है। पहले दिन आयोजित हुई जाइंट सलालम प्रतियोगिता में हिमांचल प्रदेश की टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया।#Auli#Chamoli#Uttarakhand pic.twitter.com/hoclUADd4w
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) February 13, 2026
औली नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप और विंटर कार्निवल 2026 का शुभारंभ उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने किया. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को विश्वस्तरीय शीतकालीन पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया जा रहा है. देवभूमि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य, आध्यात्मिक चेतना और साहसिक संभावनाओं का अद्वितीय संगम है.
समुद्र तल से करीब 2,500 से 3,050 मीटर की ऊंचाई पर स्थित औली अपने विस्तृत प्राकृतिक ढलानों, ओक और देवदार के वनों, नंदा देवी, कामेट और माणा जैसे हिमालयी शिखरों के दिव्य दृश्यों के कारण भारत का प्रमुख विंटर डेस्टिनेशन बन चुका है. यहां की भौगोलिक संरचना और अनुकूल जलवायु इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए आदर्श स्थल बनाती हैं.
पर्यटन मंत्री महाराज ने की ये घोषणाएं-
- शीतकालीन पर्यटन एवं साहसिक खेलों को बढ़ावा देने लिए औली में विंटर कार्निवल का आयोजन किया जा रहा है, जिसे अब हर साल आयोजित किया जाएगा.
- अप्रैल 2026 में भारतीय सेना के साथ ‘सूर्य देवभूमि चैलेंज’ का आयोजन प्रस्तावित है, जिसके तहत हेलंग से उर्गम, रुद्रनाथ, मंडल होते हुए उखीमठ तक कुल 91 किमी की ट्रेल का आयोजन किया जाएगा.
- आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन की सफलता के बाद चमोली जिले की नीति घाटी में 31 मई को ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आयोजन किया जाना है, जिसमें रिमखिम से नीति होकर मलारी तक कुल 75 किमी अल्ट्रा मैराथन आयोजित की जाएगी.
- वहीं, मलारी से नीति होकर मलारी तक कुल 42 किमी मैराथन आयोजित की जाएगी. इन कार्यक्रमों में विदेशी प्रतिभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित किए जाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं.
- जून 2026 में भारतीय सेना के साथ मिलकर बदरीनाथ और माणा में ‘देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल’ के द्वितीय संस्करण का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है.
- 80 के दशक में कुमाऊं से गढ़वाल के बीच होने वाली प्रसिद्ध ‘हिमालयन कार रैली’ का साल 2026 में दोबारा आयोजन प्रस्तावित है.
- पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के प्रचार-प्रसार के लिए पिछले महीने ‘ऐरो फेस्टिवल’ का आयोजन किया गया, जिसे कैलेंडर इवेंट की तरह हर साल आयोजित किया जाएगा.
- पर्वतमाला परियोजना के अंतर्गत केदारनाथ और हेमकुंड रोपवे का निर्माण कार्य इस साल से होना प्रस्तावित है. रोपवे के निर्माण इन दोनों धामों में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी.
- औली स्थित रोपवे की जल्द मरम्मत की जाएगी, जिसके लिए तकनीकी टीम ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) पहुंच गई है.

