उत्तराखंड: प्रदेश में लंबे समय बाद कोरोना की दस्तक के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है. जिले में कोविड 19 के नए वेरिएंट JN1 को लेकर जिला अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही बीते दौर में कोविड के समय खरीदे गए उपकरणों को चेक करते हुए उन्हें सुचारू करने के निर्देश दिए गए हैं.
नैनीताल की डीएम वंदना सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को पहली प्राथमिकता के आधार पर कोविड के दौर में खरीदे गए उपकरणों को चालू रखने को कहा गया है. इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम को पहले की तरह प्रशिक्षण देकर तैयार रहने को कहा है.
डीएम ने कहा अगर किसी भी परिस्थिति में यदि कोविड के नए वेरिएंट के मामले बढ़ते हैं तो तत्काल ऑक्सीजन प्लांट से लेकर अस्पतालों में बेड तक सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिले। डीएम वंदना सिंह ने कहा इसके लिए लगातार कार्य किया जा रहा है.
बता दें उत्तराखंड में लंबे समय बाद कोरोना के दो मामले सामने आए हैं। दोनों की उम्र 70 साल से अधिक है. कोरोना के मरीज मिलने के बाद से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। कोविड के नए वेरिएंट JN1 की पहचान के लिए दोनों संक्रमित मरीजों के सैंपल को जिनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया है.

