उत्तराखंड

सुशासन दिवस: पूर्व पीएम अटल बिहारी के जन्मदिन को लेकर उत्तराखंड में खास तैयारी

उत्तराखंड: आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने इस बार भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन को सुशासन दिवस के रूप में व्यापक पैमाने पर मनाने की रणनीति तैयार की है. उत्तराखंड में भी सुशासन दिवस के कार्यक्रम के तहत बूथ स्तर पर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को लेकर होने वाले कार्यक्रम श्रृंखलाओं के क्रियांन्वयन के लिए प्रदेश संयोजक और सहसंयोजकों की नियुक्ति की गई है.

प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पर जे पी नड्डा और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर बूथ स्तर के वर्षवार 6 कार्यक्रमों में शामिल अटल जयंती को पार्टी व्यापक स्वरूप में मनाने जा रही है. इस दिन 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के रूप में राज्य के सभी बूथों पर उनके चित्रों पर पुष्पांजलि के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.

जिसमे भारत रत्न पूर्व पीएम स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व और कृतित्व को लेकर चर्चा के कार्यक्रम किए जाएंगे। इस दौरान काव्यांजलि और अन्य रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से भी पूर्व पीएम के अतुलनीय योगदान को याद किया जाएगा. इस दौरान नमो एप पर विकसित भारत ब्रांड एंबेसडर बनने और इस पर आधारित चैलेंज का हिस्सा बनने को प्रेरित किया जाएगा.

साथ ही केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की धामी सरकार की उपलब्धियों, गरीब कल्याण की योजनाओं और सुशासन पर व्याख्यान का आयोजन किया जाएगा. इन कार्यक्रमों के दौरान योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बैठकर उनके अनुभवों को साझा कर अन्य लोगों को भी लाभार्थी बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा. मनवीर चौहान ने कहा कि पूर्व पीएम अटल बिहारी ने उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया है लिहाजा कृतज्ञ जनता के साथ पार्टी अपनी प्रिय और मार्गदर्शक नेता को श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के साथ याद करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *