उत्तराखंड: कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं के बीच आने वाले 23 मार्च को धामी सरकार के 3 साल भी पूरे हो जाएंगे. ऐसे में बीजेपी पूरे प्रदेश में 3 साल बेमिसाल का जश्न मनाने की तैयारी कर रही है. जिसके लिए खास रणनीति तैयार की जा रही है.
बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में आज पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक रखी गई. जो तकरीबन डेढ़ घंटे तक चली. बैठक में सरकार के 3 साल पूरे होने के मौके को किस तरह से पूरे प्रदेश भर में मनाया जाना है? इसको लेकर रणनीति तैयार की गई. बता दें कि आगामी 23 मार्च को लगातार दूसरी बार धामी सरकार के 3 साल पूरे हो रहे हैं. जिसको देखते हुए बीजेपी संगठन पूरे प्रदेश में धामी सरकार की 3 साल की उपलब्धियों को जनता के बीच रखकर जश्न मनाने की तैयारी में हैं.
मुख्यमंत्री श्री @pushkardhami जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार के सफलतम तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की योजना पर विस्तृत चर्चा करने के लिए आज प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री @ajaeybjp जी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय में वरिष्ठ पदाधिकारियों… pic.twitter.com/27FknIt2iW
— BJP Uttarakhand (@BJP4UK) March 19, 2025
बीजेपी प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने अहम जानकारियां दी. उन्होंने बताया कि सरकार के 3 साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी प्रदेश के सभी जिलों में जनता के साथ सीधा संवाद भी करेंगे. साथ ही सरकार की उपलब्धियां को भी जनता के बीच रखेंगे. आदित्य कोठारी का कहना है कि इस संबंध में पार्टी मुख्यालय में कोर बैठक हुई है. 23 मार्च के बाद 24 मार्च से एक हफ्ते के लिए चिकित्सा शिविर और जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे, जो पूरे प्रदेश में आयोजित किए जाएंगे.
उन्होंने बताया कि पार्टी की ओर से तय किया गया है कि प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर तीन अलग-अलग स्तर में कार्यक्रम किए जाएंगे. इन कार्यक्रमों में सरकार की उपलब्धियों, तमाम योजनाओं और आने वाले समय में प्रदेश की दिशा और दशा को लेकर बनाई जा रही रणनीति के बारे में संवाद किया जाएगा.

