उत्तराखंड

देहरादून कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, सिक्योरिटी कड़ी

उत्तराखंड: लगातार तीसरे दिन आज देहरादून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. जिला जज को मेल के जरिए ये धमकी भेजी गई है. ऐहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर को खाली कराया गया. पुलिस टीम पूरे परिसर की तलाशी की.

राजधानी देहरादून के जिला कोर्ट में बम होने की सूचना से मिलते ही हड़कंप मच गया. कोर्ट परिसर में अफरा तफरी का माहौल हो गया. आनन-फानन में कोर्ट परिसर को खाली कराया गया. कोर्ट परिसर से ज्यूडिशरी के अधिकारी और कर्मचारियों को बाहर निकाला गया है.

कोर्ट परिसर में बम स्क्वॉयड, डॉग स्क्वॉयड की टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई हैं. एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि, सुबह पुलिस को जिला जज कार्यालय से धमकी की सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिस टीम पहुंची और परिसर ने सभी को बाहर किया गया है. टीमों ने पूरे परिसर की चेकिंग की. कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर अब सभी को कोर्ट परिसर में अंदर जाने की अनुमति दे दी गई है.

वहीं, बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि, मेल में बम से उड़ान की धमकी के बाद कैंपस खाली करा दिया गया था. सुरक्षा ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. सभी के द्वारा निर्देशों का पालन किया जा रहा है. लगातार मिल रही धमकियों के बीच सुरक्षा और सतर्कता जरूरी है.

बता दें कि, रविवार 16 फरवरी से ऐसी धमकियों का सिलसिला जारी है. सबसे पहले नैनीताल और उत्तरकाशी कोर्ट को लेकर धमकी दी गई थी. अगले दिन पिथौरागढ़, टिहरी, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली.

उधर, हरिद्वार डिस्ट्रिक्ट कोर्ट को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई है. 18 फरवरी की सुबह बीडीएस और पुलिस टीम कोर्ट परिसर में पहुंची और बारीकी से कोर्ट परिसर की जांच की गई. हालांकि इस दौरान टीम को कुछ संदिग्ध नहीं मिला. फिर भी कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ाई गई है. कोर्ट परिसर में पर्याप्त संख्या में बीडीएस, पुलिस और इंटेलिजेंस के जवान तैनात हैं.

दरअसल, 17 फरवरी को हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ था. धमकी भरे मेल ने प्रशासन और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया था. न्यायालय की आधिकारिक मेल आईडी पर अज्ञात व्यक्ति ने संदेश भेजकर कोर्ट परिसर को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी दी थी. ई-मेल में दावा किया गया कि न्यायाधीश के चैंबर में विस्फोटक उपकरण लगाए गए हैं और दोपहर तक परिसर खाली कराने की बात लिखी गई थी. साथ ही इसमें में ईडब्ल्यूएस आरक्षण लागू करने का उल्लेख करते हुए उसे रोकने जैसी बातें भी लिखी गईं थी.

धमकी भरा ई मेल सामने आते ही कोर्ट परिसर में हड़कंप का माहौल बन गया था. सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस अलर्ट हुई और मामले की जांच शुरू की. लेकिन मौके पर हालात सामान्य दिखे. हालांकि मंगलवार को दिनभर कोर्ट परिसर में धमकी भरा ई मेल चर्चा का विषय बना रहा. कोर्ट परिसर में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा.

फिलहाल पुलिस ने मामले को संवेदनशील मानते हुए जांच शुरू कर दी है. साइबर टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है, जबकि सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हैं. आज बुधवार सुबह कोर्ट खुलने से पहले बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीएस), डॉग स्क्वाड और पुलिस की टीम ने चेकिंग अभियान चलाया. कोर्ट परिसर में बने कार्यालयों और वकीलों के चैंबरों और बाहर की दीवारों के आसपास गहनता से चेकिंग की गई. कोर्ट परिसर में खड़े वाहनों की भी चेकिंग की गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ.

सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है. साइबर सेल के माध्यम से मेल भेजने वाले की जानकारी जुटाई जा रही है. कोर्ट परिसर में बीडीएस और पुलिस टीम ने कोर्ट परिसर की जांच भी की है. सुरक्षा के मद्देनजर तमाम सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं और पुलिस बल की तैनाती की गई है.

ई-मेल के जरिए मिली धमकी के बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, जांच में कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है. संवेदनशील स्थलों पर इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके. इसके लिए साइबर टीम बारीकी से जांच कर रही है. जिले में बड़ा सत्यापन अभियान भी शुरू किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *