उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पिथौरागढ़ के देव सिंह मैदान में ‘दीदी-बैना’ नारी शक्ति महोत्सव का शुभारंभ किया. इस दौरान सीएम धामी ने पिथौरागढ़ को 217 करोड़ रुपए की सौगात दी.
सीएम धामी ने दीदी-बैना नारी शक्ति महोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ये मेरी जन्मभूमि है. आप लोगों के प्यार और लगाव को देखकर मैं भावुक हूं. सीएम ने कहा आज 217 करोड़ रुपए से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण हुआ है वो पिथौरागढ़ के विकास में मिल का पत्थर साबित होंगी.
सीएम ने कहा जल्द ही पिथौरागढ़ जनपद में भी अपना मेडिकल कॉलेज होगा. मंत्रीमंडल ने इसमें अपनी सहमति दे दी है. डबल इंजन सरकार के बिना ये काम संभव नहीं था. सड़कों का निर्माण किया जा रहा है. प्रशासनिक भवन समेत कई कार्य ऐसे हैं जो आने वाले समय में पिथौरागढ़ के भविष्य को उज्ज्वल करेंगे.
सीएम धामी ने कहा मानसखंड के अंतर्गत पिथौरागढ़ के मंदिरों को विकसित किया जा रहा है. ये हमारा संकल्प है. इसके साथ ही हमारे कई जनप्रतिनिधि नैनीसैनी से हवाई सेवा शुरू करने को लेकर प्रयासरत थे. इसकी ट्रायल लैडिंग सफल हो चुकी है. जैसे ही इसकी अनुमति मिलेगी नियमित हवाई सेवा यहां से शुरू हो जाएगी.
सीएम ने कहा महिलाओं को सशक्त बनाने की दृष्टि से यह आयोजन किया गया है. बिना मातृशक्ति के किसी भी देश का विकास संभव नहीं है. आप लोग पीएम मोदी के आत्मनिर्भर भारत के मंत्र को धरातल पर उतारने का काम कर रही हैं. पीएम मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए जो कार्य हो रहे हैं वह भारत की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं.

