उत्तराखंड

विकास पुस्तिका का सीएम धामी ने किया विमोचन, कहा-‘डेस्टिनेशन उत्तराखंड’ नए निर्माण की शुरुआत

उत्तराखण्ड: एफआरआई में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सूचना एंव लोक संपर्क विभाग की पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व समृद्ध उत्तराखंड’ का विमोचन किया. इस दौरान सीएम ने कहा कि ‘डेस्टिनेशन उत्तराखंड’ नए निर्माण की शुरुआत है.

देहरादून के एफआरआई में सीएम धामी ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में “सशक्त नेतृत्व, समृद्ध उत्तराखण्ड” विकास पुस्तिका का विमोचन किया. इस अवसर पर उत्तराखण्ड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों में पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटकर समिट को मूर्त रुप देने वाले परिश्रमी श्रमिकों और पर्यावरण मित्रों का भी धन्यवाद किया गया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में आयोजित हुए वैश्विक निवेशक सम्मेलन की सफलता में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा रही है. निवेशक सम्मेलन को सफल बनाने में निवेशकों,केन्द्र सरकार के विभिन्न विभागों ने भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर इस सम्मेलन को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग एवं योगदान दिया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समिट में साढ़े तीन लाख करोड़ रूपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं,समिट में इंग्लैंड, आबूधाबी समेत अन्य देशों के साथ-साथ भारत के विभिन्न राज्यों के लोगों ने भी प्रतिभाग किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्तराखण्ड की अनंत संभावनाओं को तलाशने की शुरुआत है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय गृह मंत्री ने ‘डेस्टिनेशन उत्तराखण्ड’ को एक नये उत्तराखंड के निर्माण की शुरूआत बताया है,मुख्यमंत्री ने कहा कि हम इस शुरूआत को इसकी मंजिल तक पहुंचायेंगे.

सीएम धामी ने समिट को मूर्त रुप देने वाले परिश्रमी श्रमिकों और पर्यावरण मित्रों के साथ भोजन भी किया. सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 प्रदेश के विकास में एक स्वर्णिम अध्याय का काम करेगा. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि डेस्टिनेशन उत्तराखण्ड एक विकसित और सशक्त उत्तराखण्ड की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है.

राज्य में राजस्व पुलिस की जगह रेगुलर पुलिस की तैनाती की जा रही है. आपदा प्रबंधन पर विश्व स्तरीय कार्यक्रम उत्तराखंड में आयोजित किया गया है यही नहीं पहली बार उत्तराखंड, डेस्टिनेशन उत्तराखंड के रूप में निवेश का हब बनने जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड का विकास एवं प्रगति हमारा लक्ष्य है अपने इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हम पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ प्रदेश की सेवा में लगे हुए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *