उत्तराखंड

अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि, भाजपाइयों ने भी किया याद

उत्तराखंड: आज भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि 2024 पर देश उन्हें याद कर रहा है. जगह-जगह उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शासकीय आवास पर अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. वहीं, रुद्रपुर और मसूरी में भाजपाइयों ने भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देकर उनके योगदान को याद किया.

भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी जा रही है. उधमसिंह नगर जिले के जिला कार्यालय में भी बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी. इस दौरान उन्हें याद करते हुए उनके जीवनकाल पर प्रकाश डाला गया. वक्ताओं ने कहा कि ‘अटल जी एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार हैं. उनका जीवन केवल जीवन नहीं, बल्कि संस्कारों की मिसाल है. उनका जीवन हर भारतवासी के लिए प्रेरणादायी हैं.’

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने अद्वितीय नेतृत्व और राष्ट्रवादी सोच से भारत को एक नई दिशा दी. उनकी ओर से स्थापित सिद्धांत और मूल्य आज भी बीजेपी के हर कार्यकर्ता और देशवासियों के लिए मार्गदर्शक हैं. प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान किए गए आर्थिक सुधार, परमाणु परीक्षण और कश्मीर समस्या का समाधान शामिल हैं. अटल जी ने हमेशा देशहित को सर्वोपरि रखा और उनकी नीति व सिद्धांत आज भी हमारे लिए अनुकरणीय हैं.

मसूरी में बीजेपी मंडल के तत्वाधान में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पुण्यतिथि पर बीजेपी कार्यकर्ता तिलक मेमोरियल लाइब्रेरी के सभागार में एकत्रित हुए. जहां उन्होंने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर याद किया. मसूरी बीजेपी के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओपी उनियाल, रजत अग्रवाल, महामंत्री कुषाल राणा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भारत को मजबूत देश बनाने और देश में समानता के साथ विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया.

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर देशभर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इस मौके पर उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों के साथ काशीपुर में भी अटल बिहारी पार्क में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पण कर गोष्ठी का आयोजन किया गया. जहां बीजेपी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *