उत्तराखंड

विकसित भारत संकल्प मेगा प्रदर्शनी को सीएम ने वर्चुअली किया संबोधित

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को ऋषिकुल मैदान हरिद्वार में आयोजित विकसित भारत संकल्प 2024 मेगा प्रदर्शनी कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा भारत को ’’विकसित भारत’’ बनाने का संकल्प महज एक संकल्प नहीं, बल्कि भारत को फिर विश्वगुरू बनाने का दृढ़ विश्वास है.

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में देशभर में विकसित भारत संकल्प यात्रा निकाली जा रही है. महज दो माह में ही इस यात्रा से लगभग 60 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं. पीएम मोदी द्वारा साढ़े नौ सालों में अपने महत्वपूर्ण निर्णयों, दूरदर्शी सोच एवं योजनाओं से देश भर में जो सकारात्मक माहौल बनाया है. वो किसी भारतीय से छिपा नहीं है.

इस संकल्प में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं अत्यंत सहायक सिद्ध हुई हैं. जिसका भव्य रूप आज हम सभी को देखने को मिल रहा है. विकसित भारत संकल्प यात्रा, आने वाले कुछ वर्षों में विकसित भारत की संकल्पना को जन-जन तक पहुंचाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगी.

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में देश भर के गांवों में करोड़ों परिवारों को सरकार की किसी न किसी योजना का लाभ अवश्य मिला है। पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में 80 करोड़ लोगों को खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की गई. दिव्यांग जनों को सशक्त बनाया गया है. करीब 50 करोड़ जनधन खाते खोले गए और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग साढ़े तीन करोड़ आवास बनाए गए.

देशभर में 8.67 करोड़ घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है। जहां एक ओर किसान सम्मान निधि के रूप में 2019 से हर वर्ष किसानों को छह हजार रुपए दिए गए वहीं प्रधानमंत्री मोदी ’’फसल बीमा योजना’’ भी लेकर लाए. महिला सशक्तिकरण के लिए ग्रामीण क्षेत्र में 11.72 करोड़ इज्जत घर बनाए गए और दस करोड़ से ज्यादा उज्ज्वला कनेक्शन दिए गए. इसके अलावा रोजगार मेला लगाकर दस लाख भर्तियों का अभियान प्रारंभ किया गया.

सीएम ने कहा कि हमने एक ओर जहां उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया. तो वहीं धर्मातरण रोकने के लिए भी कानून बनाया. हमने देवभूमि में पहली बार लैंड जिहाद के खिलाफ कठोर कदम उठाए। इसके अलावा उत्तराखंड बनने के 23 साल में पहली बार भ्रष्टाचारियों पर कड़ी कार्रवाई की गई.

मातृशक्ति को मजबूत करने के लिए जहां हमने प्रदेश की महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की वहीं साल में तीन मुफ्त सिलेंडर रिफिल देने की योजना भी हम लेकर आए.अब हमने देवभूमि में समान नागरिक आचार संहिता को भी लागू कर ये देखा दिया है कि हम जो कहते हैं वो अवश्य करते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *