उत्तर प्रदेश: धर्मनगरी अयोध्या और तीर्थराज प्रयाग में अतिथि गृहों के निर्माण कराने जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार कोदोनों अतिथि गृहों के निर्माण स्थल, लेआउट, सुविधाओं और साज-सज्जा इत्यादि के संबंध में प्रस्तुतीकरण का अवलोकन किया.
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश राज्य संपत्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में की. इस दौरान उन्होंने कहा कि श्री राम जन्मभूमि मंदिर स्थापना के बाद अयोध्या में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल समेत देश-दुनिया से अनेक विशिष्ट-अति विशिष्ट अतिथियों का आगमन हो रहा है. इनके प्रवास के लिए सुरक्षा और सुविधा के उत्कृष्ट मानकों के साथ गेस्ट हाउस की जरूरत है.
अयोध्या में प्रस्तावित अतिथि गृह के संबंध में चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में सरयू नदी के किनारे पर्यटन विभाग की भूमि अतिथि गृह के लिए उपयुक्त होगी. यहां करीब साढ़े तीन एकड़ के क्षेत्र में अतिथि गृह बनाया जा सकता है. भवन की वास्तुकला में वैष्णव परंपरा की झलक होनी चाहिए. भवन की ऊंचाई तय करते समय इसका ध्यान रखें कि किसी भी दशा में यह श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से ऊंचा न हो.
वहीं, प्रयागराज में लगभग 10300 वर्ग मीटर एरिया में प्रस्तावित अतिथि गृह महर्षि दयानंद मार्ग पर होगा. यहां कॉन्फ्रेंस हॉल, डायनिंग हॉल, कैंटीन आदि की उपलब्धता होगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि अति विशिष्ट अतिथियों को आगमन को ध्यान में रखते हुए दोनों अतिथि गृहों में पार्किंग की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए.

